सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी: महिला कांग्रेस नेता ने किया हंगामा, दोनों पक्षों ने थाने पहुंचकर दर्ज कराई शिकायत

UPT | सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी।

Sep 15, 2024 21:31

वाराणसी के लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र स्थित काली मंदिर निवासी व्यक्ति के आवास पर यूथ कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता रोशनी कुशल जायसवाल द्वारा मारपीट एवं हंगामा किया गया। रोशनी कुशल जायसवाल ने आरोप लगाया कि व्यक्ति द्वारा पिछले 4 सालों से सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ टिप्पणी कर रहा था।

Varanasi News : वाराणसी के लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र के काली मंदिर निवासी राजेश सिंह के खिलाफ महिला कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता रोशनी कुशल जायसवाल ने गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा किया। घटना तब बढ़ी जब रोशनी जायसवाल और उनके साथ कुछ
अन्य लोग राजेश सिंह के घर पहुंचे और मारपीट करने लगे। मामला सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणियों से जुड़ा है, जहां रोशनी जायसवाल ने आरोप लगाया कि पिछले चार वर्षों से राजेश सिंह उनके खिलाफ आपत्तिजनक बातें पोस्ट कर रहे थे और हाल ही में उन्होंने बलात्कार और गर्भवती करने जैसी गंदी टिप्पणियां कीं।

विवाद का कारण और घटनाक्रम
रोशनी कुशल जायसवाल ने बताया कि राजेश सिंह लगातार फेसबुक पर उनके खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पिछले चार दिनों में इन टिप्पणियों की भाषा और भी खराब हो गई, जिसके चलते वह और उनके साथी महिलाएं राजेश सिंह के घर पहुंचे। वहां जाकर उन्होंने राजेश सिंह की मां, बहन और बेटियों को इस बारे में जानकारी दी। हालांकि, इस दौरान मामला हाथापाई तक पहुंच गया और राजेश सिंह के साथ मारपीट भी हुई। 

पुलिस की कार्रवाई और दोनों पक्षों की तहरीर
घटना की जानकारी मिलते ही लालपुर पांडेयपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया। वहां पर दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी। रोशनी कुशल जायसवाल ने आरोप लगाया कि राजेश सिंह और उनके साथी ने न सिर्फ गाली-गलौज की बल्कि मारपीट भी की। दूसरी ओर, राजेश सिंह ने भी महिला कांग्रेस नेत्री और उनके साथ आए लोगों पर दुर्व्यवहार और मारपीट का आरोप लगाया है।

 राजेश सिंह पर गंभीर आरोप
रोशनी कुशल जायसवाल ने यह भी कहा कि राजेश सिंह खुद को आरएसएस का कार्यकर्ता बताते हैं और वह लगातार उन्हें मानसिक रूप से परेशान कर रहे हैं। उन्होंने इस मामले को लेकर डीएम और कमिश्नर से भी शिकायत की है। इसके साथ ही, उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से राजेश सिंह के घर पर बुलडोजर चलाने की मांग की है। 

थाने में तनावपूर्ण स्थिति
दोनों पक्षों के बीच विवाद थाने तक पहुंच गया और पुलिस ने मामले को शांत कराने के लिए दोनों पक्षों को थाने में बैठा लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और उचित कार्रवाई की तैयारी में है। 

Also Read