घाट निर्माण की पोल खोलता हादसा : चेंजिंग रूम की छत गिरने से अधेड़ और कुत्ते की मौत, उठे गंभीर सवाल

UPT | चेंजिंग रूम गिरने से एक व्यक्ति की मौत

Sep 12, 2024 21:19

रामनगर थाना क्षेत्र के बलुआ घाट पर गुरुवार को एक गंभीर हादसा हुआ। यहां चेंजिंग रूम की छत ढह जाने से एक अधेड़ व्यक्ति और एक कुत्ते की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया...

Varanasi News : रामनगर थाना क्षेत्र के बलुआ घाट पर गुरुवार को एक गंभीर हादसा हुआ। यहां चेंजिंग रूम की छत ढह जाने से एक अधेड़ व्यक्ति और एक कुत्ते की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान मेवा लाल (57 वर्ष) के रूप में हुई, जो चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र के परोरवा गांव के निवासी थे।

जानें कैसे हुआ हादसा?
यह हादसा गुरुवार की दोपहर हुआ जब मेवालाल चेंजिंग रूम में बैठे हुए थे और नीचे एक कुत्ता सो रहा था। अचानक तेज आवाज के साथ छत गिर गई, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, यह चेंजिंग रूम बैठने के लिए नहीं बनाया गया था। घाट का निर्माण अभी चल रहा है और इसकी कुल लागत लगभग साढ़े दस करोड़ रुपये है। घाट पर निर्माण कार्य अंतिम चरण में था जब यह हादसा हुआ। इसके बाद लोगों के बीच विभिन्न चर्चाएं होने लगीं। 



घाट निर्माण की लापरवाही पर उठे सवाल
वहीं कुछ लोग आपस में चर्चा कर रहे थे कि क्या घाट के निर्माण में इतनी लापरवाही बरती जा रही है कि मामूली बारिश में ही चेंजिंग रूम गिर जाता है। उल्लेखनीय है कि करीब डेढ़ महीने पहले बारिश के दौरान किले की ओर बनाई गई दीवार भी ढह गई थी। उस घटना के बाद विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने दो दिन बाद मौके पर जाकर जांच के आदेश दिए थे। उस समय धांधली के आरोप भी सामने आए थे। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि उस जांच का परिणाम क्या था या अब तक क्या जानकारी प्राप्त हुई है। एक सप्ताह पहले, पानी घटने के बाद महिलाओं के लिए बनाए गए चेंजिंग रूम की खपरैल की छत पहले ही गिर चुकी थी। हालांकि, इस समस्या को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए थे, जिससे परिणामस्वरूप यह दुखद घटना घट गई।

Also Read