मुख्यमंत्री योगी का निर्देश : निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का ध्यान रखा जाए, शिथिलता बर्दाश्त नहीं

UPT | सीएम योगी आदित्यनाथ

Sep 17, 2024 00:12

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विकास परियोजनाओं और कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन हो।

Varanasi News : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विकास परियोजनाओं और कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन हो। उन्होंने दो दिवसीय वाराणसी दौरे के दौरान सर्किट हाउस सभागार में बैठक कर विभिन्न विकास योजनाओं, निर्माण कार्यों और कानून व्यवस्था की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी परियोजनाओं को समय पर पूर्ण करने के साथ-साथ उनके कार्य की गुणवत्ता भी सुनिश्चित की जाए।

विकास परियोजना की निगरानी
मुख्यमंत्री ने विशेष जोर देते हुए कहा कि हर विकास परियोजना की निगरानी के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाए ताकि कार्य की गुणवत्ता पर नजर रखी जा सके। उन्होंने निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों का भी पालन करने की सख्त हिदायत दी। इसके साथ ही उन्होंने परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर भी जोर दिया। 

रोपवे परियोजना की प्रगति की समीक्षा
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से वाराणसी में चल रही रोपवे परियोजना की समीक्षा की और इसे समय पर पूरा करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने उन्हें जानकारी दी कि परियोजना के तीन स्टेशनों का निर्माण कार्य दिसंबर तक पूरा कर लिया जाएगा और शेष कार्य मार्च तक पूर्ण होने की संभावना है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि इस परियोजना में किसी भी प्रकार की देरी न हो और गुणवत्ता के साथ इसे समयबद्ध रूप से पूरा किया जाए।



यूपीपीसीएल के कार्यों की होगी जांच
मुख्यमंत्री ने रामनगर स्थित शास्त्री घाट पर हाल ही में हुई दुर्घटना का जिक्र करते हुए यूपीपीसीएल, कॉन्ट्रैक्टर और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ जांच कर जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घाटों पर लगने वाले पत्थरों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए और सुरक्षा के दृष्टिगत सभी गुम्बदों का पुनर्निर्माण किया जाए। साथ ही, कार्यस्थल पर बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने की भी हिदायत दी। उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन सभी कार्यों की जांच के बाद ही परियोजनाओं को हैंडओवर किया जाए और कार्य की गुणवत्ता पर कोई समझौता न हो।

ग्राम पंचायतों की आय बढ़ाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायतों की आत्मनिर्भरता पर जोर देते हुए कहा कि आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना तभी साकार होगी जब ग्राम पंचायतें आत्मनिर्भर होंगी। उन्होंने ग्राम पंचायतों की आय बढ़ाने के लिए कन्वेंशन सेंटर, स्ट्रीट वेंडर और मछली पालन जैसे उपायों को अपनाने का सुझाव दिया। 

हर माह प्रभारी मंत्रियों संग बैठक का निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक जिले के प्रभारी मंत्रियों की बैठक हर माह होनी चाहिए ताकि जनपद की समस्याओं का समाधान उसी स्तर पर हो सके। उन्होंने नगर निगम को स्वच्छता, सेनिटेशन, प्लास्टिक मुक्त शहर, और सिटी फॉरेस्ट की परिकल्पना को लागू करने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि शहर के सभी फ्लाईओवर के नीचे सुंदरीकरण का कार्य किया जाए और जर्जर भवनों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। 

महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिला सुरक्षा के तहत मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिलाओं के साथ संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में महिला पुलिस अधिकारी नियुक्त की जाए और महिला सिपाहियों को पुलिस बीट पर तैनात किया जाए। साथ ही, ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं की जानकारी के लिए ग्राम सचिवालयों में समाचार पत्र और साहित्य उपलब्ध कराने का सुझाव दिया। 

यातायात व्यवस्था और पर्यावरण पर जोर
मुख्यमंत्री ने शहर की यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए टैक्सी, ऑटो, ई-रिक्शा चालकों का सत्यापन और आई कार्ड जारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने किरायेदारों के सत्यापन पर भी जोर दिया ताकि सुरक्षा को लेकर कोई समस्या न हो। इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने अस्सी और वरुणा नदियों के अस्तित्व को बचाने के लिए विशेष योजनाएं बनाने का निर्देश दिया, जिसमें नदी के किनारे चेक डैम और वृक्षारोपण का कार्य किया जाएगा।

विकास कार्यों की करें नियमित मॉनिटरिंग
मुख्यमंत्री ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करें और किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने टूरिस्ट पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने के लिए भी निर्देश दिए और कहा कि पुलिस पर्यटकों के साथ अच्छा व्यवहार करें। बैठक में शहर के विभिन्न विकास कार्यों और परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई, जिनमें शिक्षा, स्वास्थ्य, और लोक निर्माण विभाग की निर्माणाधीन परियोजनाएं शामिल थीं। मुख्यमंत्री ने इन सभी परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए और अधिकारियों से जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद स्थापित करने का आह्वान किया।

Also Read