सिद्धार्थनगर। संतुलित क्षेत्रीय विकास (पूर्वांचल) निधि योजना के तहत जिले में 15 सड़कों के निर्माण की स्वीकृति मिली है। इन सड़कों के लिए कुल नौ करोड़ रुपये की योजना निर्धारित की गई है।
स्वीकृत परियोजना की कुल लंबाई 13.53 किलोमीटर है और शासन ने निर्माण के लिए प्रथम किस्त के रूप में 4.53 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। अधिकारियों का अनुमान है कि काम पूरा होने पर जिले के पांचों विधानसभा क्षेत्रों की लगभग डेढ़ लाख आबादी को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।
किस क्षेत्रों में होगा काम
सड़क निर्माण से 75 से अधिक गांवों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और व्यापार-रोजगार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। वर्तमान में कई गांवों की सड़कें कच्ची या खड़ंजा हैं और पक्की सड़कों के संकरी होने से आवागमन में परेशानी रहती थी।
शासन ने राज्यांश मद से सभी विधायकों से सड़कों के निर्माण के प्रस्ताव माँगे थे, जिनमें से 15 प्रस्तावों पर स्वीकृति मिली है। कार्यदायी संस्था के रूप में ग्रामीण अभियंत्रण विभाग इन सड़कों का निर्माण कराएगा।
योजना के तहत जिन सड़कों का निर्माण शामिल है, उनमें भनवापुर ब्लॉक की सिसवा नहर पटरी से महनुवा तक शून्य से लेपन कार्य (1 किमी), ग्राम गौरडीह व टोला ऊंचडीह के संपर्क मार्ग, बस्ती बरगदवा से उत्तर पश्चिम अकबर के घर तक सीसी सड़क तथा चुरिहारी से कुआहाटा तक तीन किमी की सड़क शामिल हैं। नौगढ़ ब्लॉक के कई लेपन कार्य और अन्य ब्लॉकों के छोटे-छोटे सीसी मार्ग भी सूची में हैं।
धार्मिक स्थलों, स्कूल व अस्पताल तक आवागमन भी बेहतर होगा। उदाहरण के तौर पर नौगढ़ ब्लॉक में धेंसा-नानकार पिच रोड से सेमरा शिव मंदिर तक लेपन कार्य से श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को सुविधा मिलेगी।
ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता शैलेंद्र चौधरी ने बताया कि जल्द ही निविदा प्रक्रिया पूर्ण कर निर्माण कराया जाएगा। आने वाले दिनों में टेंडर निकलने और कार्य शुरू होने की तैयारी रहेगी।
स्रोत: अमर उजाला

