लखनऊ। मौसम विभाग ने कल 26 सितंबर को उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बेहद भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने सावधानी के साथ कदम उठाने के निर्देश दिए हैं और कई जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं।
मौसम विभाग ने बताया है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 26 सितंबर को भारी बारिश के साथ गरज और तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की हवाएं चलने का अनुमान है और कहीं-कहीं हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पूर्वी यूपी में 27 से 30 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रह सकता है।
किस जिलों में बंद
लखनऊ में डीएम ने कल प्री प्राइमरी से लेकर 12 वी तक सभी स्कूल कालेज बन्द करने के आदेश दिए हैं। प्रयागराज में कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे। औरैया में 26 सितंबर 2026 को कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है।
कन्नौज में डीएम के आदेश पर कक्षा 8 तक के सभी स्कूलों में अवकाश रहेगा। इटावा में 1 से 12 तक अवकाश घोषित किया गया है। अम्बेडकरनगर, पीलीभीत, सीतापुर, बरेली और हरदोई में भी विभिन्न कक्षाओं के लिए छुट्टी की घोषणा की गई है। कासगंज में 26 सितंबर को कक्षा 1 से 12 तक विद्यालय बंद रखने के आदेश DIOS ने जारी किए हैं।
इसके अलावा कानपुर और मेरठ में भी भारी बारिश की आशंका को देखते हुए कल स्कूल बंद रखे जाएंगे। मौसम विभाग ने वाराणसी, गाजीपुर, बलिया, आजमगढ़, गोरखपुर, बस्ती और देवरिया जिलों में भी बरसात की संभावना जताई है।
प्रशासनिक निर्देश और तैयारी
मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित जिलों के डीएम को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि “डीएम स्वयं फील्ड में उतरकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करें।” उन्होंने आगे कहा कि “जनमानस की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाएं और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।”
सीएम ने जिलों के डीएम से कहा है कि “जीर्ण शीर्ण घरों , झोपड़ी में रह रहे लोगो को निकटतम राहत शरणालय में ले जाएं।” प्रशासन को नदियों के जलस्तर, जलभराव और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार नजर रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। स्थानीय प्रशासन ने ग्रामीण इलाकों में राजस्व टीम और लेखपालों को सतर्क रहने का हुक्म दिया है।
जनहानि, पशुहानि, मकान क्षति और फसल नुकसान पर नजर रखने और आपदा की स्थिति में प्रभावितों को तुरंत मदद देने का आश्वासन प्रशासन ने दिया है। नागरिकों से अनुरोध है कि मौसम अपडेट पर नजर रखें और प्रशासन द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करें।
स्रोत: India TV
