Agra News : दबंग मनचले ने दो युवतियों से छेड़छाड़ के बाद की फायरिंग, पुलिस ने दिखाया ठिकाना...

UPT | दबंग मनचले ने दो युवतियों से छेड़छाड़ के बाद की फायरिंग।

Oct 10, 2024 11:10

ताज नगरी में ऐसी-ऐसी घटनाएं सामने आ रहीं हैं, जिससे पुलिस भी हैरान और दंग है। दो प्रकरण थाना सिकंदरा क्षेत्र के अटूस गांव में देखने को मिले हैं, जहां दबंग युवक ने दो युवतियों का जीना मुहाल कर दिया है। आरोपी ने पहले एक...

Agra News : ताज नगरी में ऐसी-ऐसी घटनाएं सामने आ रहीं हैं, जिससे पुलिस भी हैरान और दंग है। दो प्रकरण थाना सिकंदरा क्षेत्र के अटूस गांव में देखने को मिले हैं, जहां दबंग युवक ने दो युवतियों का जीना मुहाल कर दिया है। आरोपी ने पहले एक युवती को डंडा मार कर घायल कर दिया, साथ ही दुस्साहस दिखाते हुए उसके घर पर पहुंचकर फायरिंग कर दी और परिवार को धमकाया। दूसरी घटना ब्यूटी पार्लर संचालिका युवती से छेड़छाड़ की है। दबंग युवक ने तमंचा तानकर जान से मारने की धमकी दी है। इससे पीड़िता दहशत में आ गई। पीड़ित युवती ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर पुलिस से दबंग से बचाने की गुहार लगाई है। पुलिस ने दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया है। 

जबरन पार्लर में घुसा
बताया जा रहा है कि पीड़िता सिकंदरा क्षेत्र की रहने वाली है। उन्होंने बताया कि वह ब्यूटी पार्लर चलाती है। बीते कई दिन से उसके गांव का युवक सूरज उसे परेशान कर रहा है। आते-जाते पीछा करता है। दुकान के सामने बाइक लेकर आ जाता है। अश्लील हरकतें करने लगता है। वह कुछ बच्चों को भी पढ़ाने जाती है। तब भी पीछा करके उसे परेशान करता है। पीड़िता का कहना है कि 8 अक्टूबर की दोपहर करीब डेढ़ बजे वह दुकान पर काम कर रही थी। तभी आरोपी युवक वहां आ धमका और उसे घूरने लगा। वह बाहर निकलकर आईं। दुकान के बाहर खड़े होने के लिए मना किया। इस पर आरोपी उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा, जिससे वह घबरा गईं और विरोध करने पर वह धमकी देकर चला गया।

तमंचा तानकर धमकाया
इस घटना के बाद वह आरोपी थोड़ी देर बाद लाैटकर आया, लेकिन इस दौरान उसके हाथ में तमंचा था। उसने तमंचा तानकर धमकी दी। इस पर आसपास के लोग वहां आ गए। वह उन्हें भी जान से मारने की धमकी देने लगा। पीड़ित ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो डाला। जिसमें वह पुलिस से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगा रही थी। थाना सिकंदरा के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि आरोपी सूरज को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। उसके साथी की तलाश की जा रही है।

युवती को डंडा मारकर घायल किया
बताया जा रहा है कि ब्यूटी पार्लर संचालिका के साथ छेड़छाड़ से पहले आरोपी सूरज ने एक और घटना को अंजाम दिया था। 6 अक्टूबर को घर से निकलकर जा रही युवती को डंडा मारा था, युवती स्कूटी पर थी। अगले दिन आरोपी ने अपने साथी विराज के साथ उसके घर पहुंचकर फायरिंग की घटना को अंजाम दिया था। बच्चे को उठाकर ले जाने की धमकी देकर आरोपी भाग गए थे। इस वारदात की सूचना के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची थी। मगर, आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी। इस पर उन्होंने दूसरी घटना कर दी। घटना के बाद से युवती का परिवार दहशत में है। पीड़ित परिजनों का कहना था कि सूरज धमकी देकर गया था।

बच्चे को रोक कर मांगा मोबाइल नंबर
सिकंदरा क्षेत्र की महिला ने पुलिस से शिकायत की है, जिसमें उन्होंने बताया कि घर के पास किराये के मकान में सूरज रहता है। वह आएदिन शराब पीकर अभद्रता करता है। वह 12 साल के बेटे से उसका मोबाइल नंबर मांग रहा था। बच्चे के मना करने पर गाली गलौंज करता था। आरोपी ने 19 सितंबर को बेटे को रोक लिया और धमकी दी। इस पर उन्होंने विरोध किया तो वह छेड़छाड़ करने लगा। आरोपी द्वारा की गई इस हरकत के बाद उन्होंने पुलिस को पूरी घटना से अवगत कराया। मगर, रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। मजबूर होकर पीड़िता को डीसीपी सिटी कार्यालय में प्रार्थना पत्र दिया, तब जाकर उनका मुकदमा दर्ज हुआ। अब पुलिस जांच में जुटी है।  

Also Read