Agra News : थम नहीं रही बच्चियों के साथ वारदातें, अब मासूम से दरिंदगी, पुलिस पर उठ रहे सवाल...

UPT | ताजगंज थाना क्षेत्र में मासूम से दरिंदगी।

Oct 10, 2024 17:39

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ताज नगरी समेत पूरे प्रदेश में महिला सुरक्षा को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहे हैं। उन्होंने डीजीपी एवं सभी पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दे रखे हैं कि महिला अपराधों पर हर...

Agra News : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ताज नगरी समेत पूरे प्रदेश में महिला सुरक्षा को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहे हैं। उन्होंने डीजीपी एवं सभी पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दे रखे हैं कि महिला अपराधों पर हर हाल में रोकथाम एवं विराम लगाया जाए। ताज नगरी में महिलाओं पर बढ़ते अपराध को लेकर उनकी नजर बनी हुई है। आगरा में ताबड़तोड़ महिला अपराध की बढ़ती वारदातों को लेकर बीते दिनों उन्होंने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से पुलिस एवं प्रशासन अधिकारियों को निर्देश दिए थे। बावजूद इसके आगरा में महिला अपराध थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। 

ये है पूरा मामला
ताजा मामला थाना ताजगंज से जुड़ा हुआ है, जहां 7 अक्टूबर की दोपहर को घर में घुसकर एक परिचित ने नाबालिग बच्ची के साथ जबरन दुराचार की घटना को अंजाम दिया। जब पीड़िता के पिता घर पर पहुंचे तो बच्ची की भयावह तस्वीर देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। पहले वह तत्काल अपनी बेटी को उपचार के लिए निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। दो दिन तक बच्ची की हालत गंभीर बनी रही, जिसके चलते पीड़ित ने प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई। 9 अक्टूबर को पीड़ित के पिता ने थाना ताजगंज में मुकदमा दर्ज कराया है। अब भी नाबालिग पीड़िता स्थिति गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि थाना ताजगंज क्षेत्र की 15 वर्षीय बच्ची 7 अक्टूबर को अपने घर में दोपहर अकेली थी। करीब 2:30 बजे के आसपास पीड़िता के घर गौरव पहुंचा। गौरव ने नाबालिग बच्ची को गलत नीयत से दबोच लिया और जान से मारने की धमकी देते हुए उसके साथ दरिंदगी की सारी हदें पार कर दीं। पीड़ित बच्ची लगातार उससे फरियाद करती रही, लेकिन गौरव रुका। उसने बच्ची के साथ दुराचार की घटना को अंजाम देने के बाद जान से मारने की धमकी के साथ-साथ मारपीट भी की। 

जब पिता के उड़ गए होश
पीड़ित बच्ची के पिता ने बताया कि जब वह घर पर पहुंचे और अपनी बच्ची को खून से लथपथ जमीन पर पड़े देखा उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। वह बुरी तरह घबरा गए। पिता ने साहस दिखाते हुए सबसे पहले बच्ची को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सक भी बच्ची की हालत को देखकर हैरान थे। दो दिन बाद जब बच्ची को होश आया, तब उन्होंने थाना ताजगंज पुलिस घटना की पूरी जानकारी दी। 

अब तक नहीं हुआ पीड़िता का मेडिकल
जानकारी के अनुसार, थाना ताजगंज ने लापरवाही बरतते हुए अभी तक पीड़ित नाबालिग बच्ची का मेडिकल तक नहीं कराया है। थाना ताजगंज पुलिस इतनी बड़ी घटना के बाद भी इतनी लापरवाह कैसे हो सकती है कि पीड़िता का अभी तक मेडिकल नहीं कराया गया है। पीड़ित के पिता का कहना है कि हर हाल में न्याय चाहिए। पीड़ित के पिता ने यह भी कहा कि जो भी ताजगंज पुलिस के लापरवाह अधिकारी हैं, उनके खिलाफ भी वरिष्ठ अधिकारियों को कार्रवाई करनी चाहिए। 

क्या कहती है पुलिस
थाना ताजगंज के प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह का कहना है कि 9 अक्टूबर को मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। पीड़ित बच्ची के 161 के बयान लिए जा चुके हैं। पूरी प्रक्रिया के बाद जल्द ही मेडिकल भी कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि पीड़िता बिल्कुल स्वस्थ है, इसके साथ ही वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

Also Read