Agra News : होटल ओनर्स एसोसिएशन की वर्कशॉप, पुलिस ने दिए साइबर अपराध से बचने के टिप्स...

UPT | होटल एंड रेस्टोरेंट ओनर्स एसोसिएशन की वर्कशाप में पुलिस अधिकारी।

Oct 09, 2024 17:40

आगरा में तेजी के साथ महिला अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं। यही नहीं डिजिटल अरेस्ट और साइबर अपराधों का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। होटल और रेस्टोरेंट इंडस्ट्री इन सभी से कैसे बच सकती है, होटल में अपराध को कैसे रोका...

Agra News : आगरा में तेजी के साथ महिला अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं। यही नहीं डिजिटल अरेस्ट और साइबर अपराधों का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। होटल और रेस्टोरेंट इंडस्ट्री इन सभी से कैसे बच सकती है, होटल में अपराध को कैसे रोका जा सकता है आदि मुद्दों पर होटल एंड रेस्टोरेंट ओनर्स एसोसिएशन की ओर से एक वर्कशाप का आयोजन किया गया। इसमें पुलिस, अग्निशमन, खाद्य विभाग एवं अन्य सरकारी डिपार्टमेंट के समन्वय से इन सब पर विराम लगाने के बाबत जानकारी दी गई। 

ये उपाय जरूरी
होटल एंड रेस्टोरेंट ओनर्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित वर्कशॉप में सहायक पुलिस आयुक्त विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि होटल के अंदर अधिकतर ऑनलाइन बुकिंग होती है। कई बार कपल्स भी बुकिंग करके आते हैं और इन्हीं कपल्स में कई बार नाबालिग भी होते हैं। इसलिए होटल कर्मचारियों को चाहिए कि सभी का आधार कार्ड लें और पूरी जानकारी के बाद ही उन्हें रूम उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि अगर कपल बालिग भी हैं और वह स्थानीय निवासी हैं तो प्रयास किया जाए कि उन्हें रूम न दें। रूम देने से दुर्घटना के साथ अपराध भी हो जाते हैं। एसीपी ने कहा कि अभी होटल एंड रेस्टोरेंट को अपने संस्थानों में महिलाओं के लिए सुरक्षित वातावरण बनाने की आवश्यकता है। उन्हें महसूस होना चाहिए कि कि होटल में महिला एवं युवतियां सुरक्षित हैं। इसलिए होटल पर महिला अपराध न हो, इसके लिए हेल्पलाइन नंबर भी बड़े अक्षरों में चस्पा किया जाना चाहिए। इसके साथ ही साइबर अपराध और डिजिटल अरेस्ट के बारे में जानकारी होनी चाहिए। 

दुनियाभर से आते हैं सैलानी
विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि आगरा वैश्विक पर्यटन नगरी है। यहां पर फतेहपुर सीकरी, ताजमहल और आगरा किला जैसी वैश्विक पर्यटन स्थल है, जहां पर दुनियाभर के सैलानी भ्रमण के लिए पहुंचते हैं। इसलिए आवश्यकता है कि शहर के सभी होटल में अपराध को लेकर सजकता रहे। 

मॉक ड्रिल होनी चाहिए
अग्निशमन विभाग को लेकर भी होटल एंड रेस्टोरेंट ऑनर्स एसोसिएशन के सदस्यों के कई सवाल थे, जिनका बिंदुवार जवाब आगरा के मुख्य अग्निशमन अधिकारी डीके सिंह ने दिया। उन्होंने बताया कि आगरा एक पर्यटन नगरी है और यहां पर देसी विदेशी सैलानी आते हैं। हर होटल में कम से कम निकासी के दो मार्ग होने चाहिए, इसके साथ ही प्रत्येक तल पर अग्निशमन के उपाय होने चाहिए। उन्होंने बताया कि हर होटल में पार्किंग की व्यवस्था के साथ-साथ अग्निशमन से संबंधित समुचित व्यवस्था मानकों के अनुसार होनी चाहिए। उसके साथ ही सभी होटल को समय-समय पर इसकी मॉक ड्रिल आयोजित करनी चाहिए, जिससे आपातकाल में होटल के कर्मचारी अग्निशमन यंत्रों का उपयोग कर सकें।

मानकों के अनुरूप हों अग्निशमन व्यवस्थाएं 
सीएफओ डीके सिंह ने बताया कि विषम परिस्थितियों के होटल के अंदर जो भी लोग ठहरे हुए हैं, वे किस तरीके से आराम से बाहर निकल सकते हैं, इसकी उचित व्यवस्था होनी चाहिए। अगर आपातकाल में अफरा तफरी मचती है तो दुर्घटना होने की संभावना अधिक रहती है। उन्होंने कहा कि होटल और रेस्टोरेंट ओनर्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित किए गए इस वर्कशॉप से सभी को लाभ मिलेगा। इस वर्कशॉप का मकसद सिर्फ इतना है कि होटल में जो भी लोग ठहरे हुए हैं, वे जब तक होटल में रहें, सुरक्षित रहें और अपने घर सुरक्षित पहुंचे। सीएफओ ने कहा कि सभी होटल को मानकों के अनुरूप अपनी अग्निशमन व्यवस्थाएं सक्रिय रखनी चाहिए, जिससे जरूरत पड़ने पर उन्हें तत्काल उपयोग में लिया जा सके। 

जानकारी पर अमल करेंगे
होटल एंड रेस्टोरेंट ओनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष रमेश वाधवा ने कहा कि संगठन के पदाधिकारी एवं सदस्यों को सरकारी सिस्टम, पुलिस एवं अग्निशमन विभाग के साथ समन्वय बनाकर व्यापार को किस तरीके से गति दी जा सकती है, इसी को लेकर वार्षिक वर्कशॉप आयोजित की गई। पुलिस एवं अन्य विभागों के अधिकारियों ने पूरा सहयोग दिया है। एसीपी सदर एवं अन्य विभागों के अधिकारियों ने जो जानकारी दी है, उस पर अमल किया जाएगा।

Also Read