Agra News : तीसरी आंख से हो रही ट्रेनों की निगरानी, डॉग स्क्वॉड से होगी अपराधियों की... 

UPT | एसपी जीआरपी आदित्य लांग्हे

Mar 16, 2024 15:32

फाल्गुन माह शुरू हो चुका है। इसके शुरू होते ही बृज में होली की शुरुआत हो जाती है। होली के पावन पर्व के साथ-साथ लोकसभा चुनाव 2024 भी है। ऐसे में जीआरपी पर यात्रियों, रेल सुरक्षा ...

Agra News : फाल्गुन माह शुरू हो चुका है। इसके शुरू होते ही बृज में होली की शुरुआत हो जाती है। होली के पावन पर्व के साथ-साथ लोकसभा चुनाव 2024 भी है। ऐसे में जीआरपी पर यात्रियों, रेल सुरक्षा एवं संरक्षा की बड़ी जिम्मेदारी है। रंगों के पर्व होली और लोकसभा चुनाव के मद्देनजर आगरा जीआरपी ने अतिरिक्त फोर्स की मांग की थी। जिससे लोकसभा चुनाव और रंगों के पर्व को सुरक्षित एवं शांतिपूर्वक तरीके से संपन्न कराया जा सके। उत्तर प्रदेश जीआरपी मुख्यालय ने करीब 120 जीआरपी कर्मचारियों को आगरा भेजे हैं।

रेलवे और यात्रियों की सुरक्षा बड़ी जिम्मेदारी
एसपी जीआरपी आदित्य लांग्हे ने बताया के मथुरा में आयोजित होने वाली लठमार और लड्डू मार होली में देशभर से श्रद्धालु शिरकत करने के लिए पहुंचते हैं। इसके साथ ही इसी समय लोकसभा चुनाव 2024 भी है। ऐसे समय में जीआरपी आगरा की दोहरी जिम्मेदारी बन जाती है। रंगों के महापर्व होली पर यात्रियों की सुरक्षा और लोकसभा चुनाव के मद्देनज़र ट्रेनों में अनैतिक गतिविधियों को रोकने के लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि जीआरपी मुख्यालय से आगरा अनुभाग ने अतिरिक्त फोर्स की मांग की थी, जिसके एवज में 120 पुलिसकर्मी उपलब्ध कराए गए हैं। जिनमें से 30 उप निरीक्षक एवं अन्य कांस्टेबल और हेड कांस्टेबल हैं। जीआरपी एसपी ने बताया कि जीआरपी का अधिकतर फोर्स आगरा कैंट और मथुरा जंक्शन पर उपलब्ध रहेगा। उन्होंने कहा कि मथुरा जंक्शन पर होली के चलते भीड़ अधिक रहेगी। उसको नियंत्रण करना और किसी भी तरह की अनैतिक गतिविधियों को रोकने के​ लिए पूरा खाका तैयार कर लिया गया है। 

हर हालात से निपटने को तैयारी जीआरपी
एसपी जीआरपी आदित्य लांग्हे ने बताया कि लोकसभा चुनाव और रंगों के पर्व होली के चलते ट्रेनों एवं सर्कुलेटिंग एरिया में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें आरपीएफ और जीआरपी संयुक्त रूप से ट्रेनों एवं सर्कुलेटिंग एरिया की चेकिंग कर रही है। इसमें डॉग स्क्वायड एवं अन्य सुरक्षा एजेंसियों का सहयोग लिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि होली के पर्व एवं लोकसभा चुनाव के मद्देनज़र आगरा कैंट और मथुरा जंक्शन पर जीआरपी, आरपीएफ और डॉग स्क्वाड के साथ-साथ सिविल पुलिस का भी सहयोग लिया जाएगा।  

Also Read