Mainpuri News : डिंपल यादव बोलीं-भ्रष्टाचार का केंद्र बनी तहसीलें, एनकाउंटर के नाम पर पुलिस मार रही गोलियां

UPT | डिंपल यादव

Oct 07, 2024 01:03

मैनपुरी सांसद डिंपल यादव ने बीजेपी पर बड़ा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह से चौपट हो गई। पुलिस एनकाउंटर के नाम पर सिर्फ लोगों को गोली मार रही है।

Mainpuri News : यूपी की मैनपुरी लोकसभा सीट से सांसद और मुलायम परिवार की बड़ी बहु डिंपल यादव ने सरकार पर तीखा हमला किया है। डिंपल यादव ने कहा कि तहसीलें भ्रष्टाचार का केंद्र बन चुकी हैं। बीजेपी सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। तहसील स्तर पर आम लोगों की समस्याओं का निस्तारण नहीं हो पा रहा है। गरीब ग्रामीण न्याय के लिए दर-दर भटक रहा है, अफ्सरशाही पूरी तरह से हावी है।

शनिवार को मैनपुरी के नवीगंज में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए डिंपल यादव पहुंची थीं। कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इसके साथ ही करहल में होने वाले उपचुनाव की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की। साथ ही पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।



कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल 
सांसद डिंपल यादव ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि एनकाउंटर के नाम पर सरकार की शह पर पुलिस गोलियां मार रही है। प्रदेश की कानून व्यवस्था दिनोंदिन खराब होती जा रही है। हत्याओं का ग्राफ बढ़ता जा रहा है, प्रदेश की जनता अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रही है।

बीजेपी अन्य राज्यों में सिमट रही है 
डिंपल यादव यहीं नहीं रुकी उन्होंने कहा कि तहसीलों में हो रहे भ्रष्टाचार की पोल खुलती जा रही है। बिना रिश्वत के किसी किसान का कोई काम नहीं हो पा रहा है। जिन राज्यों में चुनाव हो रहे हैं, उन सभी राज्यों में बीजेपी पिछड़ती जा रही है। सपा के सभी कार्यकर्ता करहल उपचुनाव में जीजान से जुट जाएं। करहल सीट पर बीजेपी की डाल गलने वाली नहीं है।

Also Read