अनुजेश यादव को टिकट देने पर बोले अखिलेश : भाजपा परिवारवाद से आगे बढ़कर रिश्तेदारवाद तक पहुंची, सपा जीतेगी...

UPT | अखिलेश यादव

Oct 25, 2024 17:45

मैनपुरी जिले के ग्राम दिहुली में डिग्री कॉलेज पहुंचे सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी सरकार की नीतियों पर तीखा हमला किया। नपुरी से भाजपा ने सैफई परिवार के रिश्तेदार को टिकट दिया, इसको लेकर भी उनका बयान सामने आया...

Mainpuri News : मैनपुरी जिले के ग्राम दिहुली में डिग्री कॉलेज पहुंचे सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी सरकार की नीतियों पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था के मामले में सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति पूरी तरह असफल हो गई है। मैनपुरी से भाजपा ने सैफई परिवार के रिश्तेदार को टिकट दिया, इसको लेकर भी उनका बयान सामने आया है। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के लोग सपा पर परिवारवादी होने के आरोप लगाते हैं, लेकिन अब भाजपा उपचुनाव में परिवारवादी से भी आगे बढ़कर रिश्तेदारवादी बन गई है।

'महंगाई और बेरोजगारी से जनता परेशान'
अखिलेश यादव ने भाजपा पर आरोप लगाया कि सरकार को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था का सही अर्थ तक समझ में नहीं आया है। उन्होंने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी ने आम लोगों को काफी परेशान कर रखा है, और पिछले 10 सालों में उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार में बढ़ोतरी हुई है।



'सपा भाजपा को हराकर रिकॉर्ड मतों से जीत हासिल करेगी'
अखिलेश यादव ने करहल सीट के संदर्भ में कहा कि समाजवादियों का यहां बहुत गहरा और पुराना नाता है और उन्होंने विश्वास जताया कि सपा भाजपा को हराकर रिकॉर्ड मतों से जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार की गलत नीतियों से लोग बेहद परेशान हैं। खाद की अनुपलब्धता को लेकर उन्होंने शिकायत की कि डीएपी के लिए लाइन में लगे लोगों के साथ मारपीट की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने खाद की व्यवस्था नहीं की, और जो व्यवस्था की गई है, उसमें भाजपा के लोग कालाबाजारी करवा रहे हैं।

'भाजपा सरकार के दौरान सभी सड़कें खराब'
अखिलेश यादव ने कहा कि यूपी की तरक्की के लिए गांवों की खुशहाली जरूरी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि समाजवादी नीतियों को अपनाने से ही गांव और किसान खुशहाल होंगे। सपा सरकार के कार्यकाल में सड़कों का विकास किया गया और अर्थव्यवस्था को बेहतर किया गया। इसके विपरीत, उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के दौरान सभी सड़कें खराब हो गई हैं, खासकर बुंदेलखंड और पूर्वांचल की सड़कों की हालत बेहद खराब है।

'पिछले 10 सालों में भ्रष्टाचार बढ़ा'
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि सरकार गोलमाल कर रही है और पिछले 10 सालों में भ्रष्टाचार बढ़ा है। उन्होंने एक अधिकारी के यहां 30 से 50 करोड़ रुपये की चोरी और एक डीएम के कमीशन का वायरल वीडियो का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि नोएडा जैसे शहरों में आवारा जानवर घूम रहे हैं, जिससे पूरे उत्तर प्रदेश की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। प्रधानमंत्री द्वारा 7 दिन में समस्या के समाधान के वादे का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि 10 साल से किसान खेतों की रखवाली करने के लिए रात खेतों में बिताने को मजबूर हैं।

'सरकार की पुलिस खुद ही चोर बन गई'
अखिलेश यादव ने कहा कि जीरो टॉलरेंस की नीति का दावा करने वाली सरकार की पुलिस खुद ही चोर बन गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस कहीं चांदी चुरा रही है, तो कहीं अन्य चीजों की चोरी के मामलों में संलिप्त है। उन्होंने बताया कि पूरे यूपी में रोजगार खत्म हो रहा है और युवा बेरोजगार हैं। महंगाई ने सभी को परेशान कर रखा है। उन्होंने कहा कि आने वाला समय बड़े बदलाव का है, और पढ़ाई एवं रोजगार के क्षेत्र में एक नई सोच अपनाने की जरूरत है।

Also Read