भारतीय किसान यूनियन का प्रदर्शन : कलेक्ट्रेट जा रहे किसानों को पुलिस ने जेसीबी लगाकर रोका, जमकर हुआ हंगामा

UPT | प्रदर्शन करते भाकियू कार्यकर्ता

Aug 10, 2024 03:00

भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के बैनर तले सैकड़ों किसान ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर अपनी मांगो के संबंध में कलेक्ट्रेट के लिए निकल पड़े। मामले की सूचना पर...

Agra News : भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के बैनर तले सैकड़ों किसान ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर अपनी मांगो के संबंध में कलेक्ट्रेट के लिए निकल पड़े। मामले की सूचना पर पुलिस ने इन किसानों को बमरौली कटारा पर ही घेराबंदी कर रोक लिया गया। पुलिस ने किसानों को रोकने के लिए सड़कों पर जेसीबी मशीन खड़ी कर दी। इस दौरान किसानों ने जमकर पुलिस-प्रशासन और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। 

रोकने पर किसान हुए आक्रोशित किया जमकर हंगामा
आगरा में शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन टिकैत के बैनर तले सैकड़ों किसानों ने बिजली बिल, बिजली कंपनी टोरंट की मनमानी, भूमि अधिग्रहण, एमएसपी, पिछले 12 वर्षों द्वारा प्रशासन द्वारा जमीनों के सर्किट रेट ना बढ़ाए जाने, प्रशासन द्वारा पुरानी सर्किल रेटों पर किसानों की जमीनों का अधिग्रहण किए जाने आदि को लेकर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा था। किसान अपनी मांगों को लेकर विरोध जताते हुए डीएम भानु चंद्र गोस्वामी को ज्ञापन देने के लिए कलेक्ट्रेट के लिए निकले थे। तभी पुलिस टीम ने उन्हें बमरौली कटारा पर ही रोक लिया। जिससे किसान और अधिक आक्रोशित हो गए और जमकर हंगामा काटा। 

राकेश टिकैत की आगरा के सभी मुद्दों पर नजर
भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के जिला अध्यक्ष राजवीर लवानिया ने कहा कि हमारे नेता राकेश टिकैत की आगरा के सभी मुद्दों पर नजर बनी हुई है। किसानों की भूमि अधिग्रहण का मामला हो या फिर किसानों को टोरंट द्वारा प्रताड़ित किए जाने का प्रकरण। राजवीर लवानिया ने कहा कि अगर किसानों को लिखित में प्रशासन द्वारा आश्वासन मिलेगा तभी किसान यहां से हटेंगे। उन्होंने कहा कि टोरंट के प्रताड़ित होने का मामला हो, सर्किल रेट बढ़ाने, भूमि अधिग्रहण या फिर विनेश फोगाट का। किसानों के ज्ञापन को हर हाल में आगरा प्रशासन को लेना होगा। अगर प्रशासन ऐसा नहीं करता है तो, शासन-प्रशासन की यह बहुत बड़ी भूल एवं नासमझी होगी। हमारा अगला कदम अनिश्चितकालीन धरना होगा। हमारे द्वारा रहन कला टोल को अनिश्चित काल के लिए बंद कर दिया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी आगरा प्रशासन और सरकार की होगी।  

जन आंदोलन खड़ा करने की दी चेतावनी
इस दौरान भारतीय किसान यूनियन (टिकैट) के जिलाध्यक्ष राजवीर लवानिया ने आगरा प्रशासन को चेतावनी दी कि अगर हमारा ज्ञापन उन्होंने नहीं लिया तो आने वाले समय में एक बड़ा जन आंदोलन खड़ा किया जाएगा और इस जन आंदोलन में आगरा के सभी हाईवे को बंद किया जाएगा। जिसकी पूरी जिम्मेदारी आगरा पुलिस-प्रशासन और शासन की होगी। ख़बर लिखे जाने तक किसान बमरौली कटारा थाने पर जमे हुए थे। 

Also Read