Agra News : ताजनगरी के चांदी कारोबारी की पटना में हत्या, पढ़िये हैरान करने वाली खबर...

UPT | चांदी कारोबारी अवधेश अग्रवाल का फाइल फोटो।

Oct 28, 2024 10:29

ताज नगरी के बड़े चांदी कारोबारी अवधेश अग्रवाल को बीती रात बदमाशों ने उन्हीं के आवास में गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। यह वारदात ​बिहार की राजधानी पटना के बाकरगंज इलाके में हुई। घटना की जानकारी मिलने के बाद अवधेश...

Agra News : ताज नगरी के बड़े चांदी कारोबारी अवधेश अग्रवाल को बीती रात बदमाशों ने उन्हीं के आवास में गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। यह वारदात ​बिहार की राजधानी पटना के बाकरगंज इलाके में हुई। घटना की जानकारी मिलने के बाद अवधेश अग्रवाल के परिजन आगरा से पटना के लिए रवाना हो गए हैं। आगरा में अवधेश अग्रवाल का परिवार परिणय कुंज में रहता है। 

पटना में भी था कारोबार
बताया जा रहा है कि 65 वर्षीय अवधेश अग्रवाल का आगरा के अलावा पटना में भी चांदी का व्यवसाय है। बाकरगंज इलाके में उनकी शॉप है। शॉप के पास ही उन्होंने एक अपार्टमेंट में फ्लैट ले रखा है। शॉप पर अपने कुछ लोग बैठा रखे थे। अवधेश अग्रवाल समय समय पर आगरा से पटना जाकर कारोबार की रिपोर्ट लेते रहते थे। अवधेश इन दिनों पटना गए हुए थे, तभी उनके साथ यह वारदात हो गई।

रात 12:30 बजे हुई वारदात
अवधेश अग्रवाल रविवार की रात अपनी शॉप से निकलकर पास ही स्थित अपार्टमेंट में अपने फ्लैट में पहुंचे। कुछ समय बाद फ्लैट में आए बदमाश ने उनके ऊपर ताबड़तोड़ तीन गोलियां दाग दीं। वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। घटना करीब रात 12:30 बजे पीरबहोर थाना क्षेत्र के बाकरगंज में इमामबाड़ा के पास हुई। 65 साल के अवधेश अग्रवाल मूल रूप से आगरा के रहने वाले थे और पटना में अपने कारोबार के सिलसिले में गए थे। खेतान मार्केट के पास उनकी शॉप है। बताया जा रहा है कि उनकी हत्या का शक उनके ही एक परिचित पर है। चर्चा है कि अवधेश अग्रवाल की हत्या चांदी के कारोबार में पैसे के लेन-देन को लेकर हुई है। हालांकि, पटना पुलिस घटना के बारे में कुछ भी बताने से मना कर रही है।

डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
सूचना मिलने के बाद पीरबहोर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन की। बताया जाता है कि रविवार की रात दुकान बंद करने के बाद वह रात करीब 11:30 के बीच में घर पहुंचे। एक घंटे बाद एक-दो लोग उनके फ्लैट में घुसे और उन्हें तीन गोलियां मार दीं। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े दौड़े पहुंचे तो देखा कि अग्रवाल खून से लथपथ हैं। आनन-फानन में उन्हें एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही पुलिस 
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगालने में जुटी है। अपराधियों की पहचान की जा रही है। हत्या क्यों हुई, इसका भी पता लगाया जा रहा है। घटनास्थल पर मिले सीसीटीवी फुटेज में एक अज्ञात व्यक्ति को देखा गया है, जो घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गया।

मिलनसार थे अवधेश अग्रवाल
अवधेश अग्रवाल के बारे में पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि वे काफी मिलनसार थे और किसी से कोई विवाद नहीं था। ऐसे में उनकी हत्या के पीछे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने अवधेश अग्रवाल के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया है। 

Also Read