वैश्विक पर्यटन नगरी आगरा : सर्वांगीण विकास के लिए प्रयासरत है योगी सरकार, ऐतिहासिक स्थलों के विकास पर जोर

UPT | जानकारी देते उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय।

Sep 08, 2024 22:19

योगी सरकार वैश्विक पर्यटन नगरी आगरा के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। प्रदेश सरकार न केवल सड़क, बिजली, पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं पर ध्यान दे रही है, बल्कि ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व के स्थलों के विकास को भी बढ़ावा दे रही है।

Agra News : उत्तर प्रदेश की योगी सरकार वैश्विक पर्यटन नगरी आगरा के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। प्रदेश सरकार न केवल सड़क, बिजली, पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं पर ध्यान दे रही है, बल्कि ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व के स्थलों के विकास पर भी विशेष ध्यान दे रही है। यह जानकारी उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने मीडिया से बातचीत के दौरान दी।

मनकामेश्वर मंदिर के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए दो चरणों में काम  
मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बताया कि प्रदेश सरकार शहर के प्राचीन रावतपाड़ा स्थित मनकामेश्वर मंदिर के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए दो चरणों में काम कर रही है। पहले चरण में मंदिर के कॉरिडोर के सौंदर्यकरण के लिए 2,57,57,000 रुपये की स्वीकृत धनराशि का उपयोग किया जा रहा है। इसमें मंदिर परिसर के चारों ओर कोबल स्टोन लगाने, नालियों का निर्माण, मुख्य द्वार के बाहर रेलिंग स्टोन और फर्श निर्माण, विद्युत पोल के साथ सजावटी लाइट्स, मुख्य द्वारों का लाल पत्थर से सौंदर्यकरण, और कॉरिडोर मार्ग पर चित्रकारी और पेंटिंग का काम शामिल है।

द्वितीय चरण में 1,05,53,400 रुपये की स्वीकृत धनराशि से रावतपाड़ा तिकोनिया और दरेसी मार्गों पर नालियों और इंटरलॉकिंग मरम्मत का कार्य किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, रावतपाड़ा तिकोनिया पर सजावटी लाइट्स की स्थापना, मुख्य द्वार का लाल पत्थर से सौंदर्यकरण, भगवान शिवजी के डमरू और हाथ की आकृति की स्थापना, और तिकोनिया मंदिर के लाल पत्थर से सौंदर्यकरण और मार्बल फर्श का निर्माण शामिल है।

फूलेश्वर मंदिर ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण 
मंत्री उपाध्याय ने कहा कि शाहगंज स्थित श्री फूलेश्वर मंदिर ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, लेकिन लोगों को इसके बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी। उन्होंने बताया कि उनके विशेष प्रयासों से श्री फूलेश्वर महादेव मंदिर के पर्यटन विकास के लिए 1,24,22,000 रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इस परियोजना के तहत 50 लाख रुपये की प्रथम किस्त जारी की गई है, जिसमें दो प्रवेश द्वार, पुजारीकक्ष, टॉयलेट ब्लॉक, यात्रीशेड, हॉल, बाहरी विद्युतीकरण, म्यूरल वॉल, बेंचेज और साइनेज जैसी सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा। 

इस प्रकार, उत्तर प्रदेश सरकार आगरा के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों के विकास के लिए ठोस कदम उठा रही है, जिससे न केवल इन स्थलों का सौंदर्यकरण हो सके, बल्कि पर्यटन को भी बढ़ावा मिल सके।  

Also Read