हाथरस सत्संग कांड : मुख्य आरोपी सेवादार देव प्रकाश मधुकर पर एक लाख इनाम, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

UPT | Big Breaking

Jul 04, 2024 16:29

हाथरस भगदड़ में मुख्य आरोपी  देव प्रकाश मधुकर पर पुलिस ने 1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया है। वह भोले बाबा का करीबी माना जाता है और इस सत्संग का मुख्य सेवादार था।

Hathras news : हाथरस में हुए सत्संग कार्यक्रम के दौरान हुई भगदड़ में मुख्य आरोपी और सेवादार देव प्रकाश मधुकर पर पुलिस ने 1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग शहरों में छापे मारे जा रहे हैं। मधुकर हाथरस का रहने वाला है और सरकारी विभाग में कार्यरत है। वह भोले बाबा का करीबी माना जाता है और इस सत्संग का मुख्य सेवादार था।


प्रशासन को गलत जानकारी देने का आरोप
गिरफ्तार किए गए सेवादारों ने बताया कि यह हादसा चरण रज लेने के कारण हुआ। आयोजकों पर आरोप है कि उन्होंने प्रशासन को गलत जानकारी दी थी। उन्होंने बताया था कि केवल 80 हजार लोग आएंगे, जबकि वहां ढाई लाख से ज्यादा लोग पहुंच गए। भोले बाबा के जाने के बाद अनुयायियों ने उनकी गाड़ी के मार्ग से धूल समेटना शुरू कर दिया, जिससे भीड़ बढ़ गई और स्थिति बिगड़ गई।

ये भी पढ़े : कौन है सेवादार देवप्रकाश मधुकर : भोले बाबा का वह करीबी, जिसने हत्यारा पंडाल लगवाया

आरोपियों की गिरफ्तारी शुरू
पुलिस ने मुख्य सेवादार देवप्रकाश मधुकर और अन्य सेवादारों के खिलाफ सिकंदराराऊ थाने में प्राथमिकी दर्ज की है। उस पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है, जिसमें गैर इरादतन हत्या, गैर इरादतन हत्या का प्रयास, गलत तरीके से रोकना, लोक सेवक द्वारा जारी आदेश की अवज्ञा, और साक्ष्यों को मिटाने के आरोप शामिल हैं। इस मामले में पुलिस 20 से अधिक लोगों को हिरासत में ले चुकी है। हालांकि आईजी ने दावा किया है कि अब तक 2 महिलाओं सहित 6 लोगों की गिरफ्तारी की गई है। ये सभी कार्यक्रम के आयोजन समिति के सदस्य थे।

भोले बाबा की भूमिका जांच के दायरे में
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद यह पता चलेगा कि कितने और लोगों की गिरफ्तारी होगी। साथ ही, यह भी स्पष्ट होगा कि इस घटना में भोले बाबा की क्या भूमिका थी और उनके खिलाफ क्या कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पुलिस मुख्य आरोपी देव प्रकाश मधुकर की तलाश कर रही है, जो अपने परिवार के साथ फरार हो गया है।

Also Read