हाथरस कांड में वकील का नया खुलासा : जहरीले स्प्रे की वजह से भगदड़ मची, सत्संग में हाफ पैंट पहनकर आए थे 15-20 लोग

UPT | साकार हरि के वकील ने बताई हादसे की वजह

Jul 07, 2024 18:26

हाथरस हादसे में नया मोड़ सामने आया है। हाथरस हादसे में मौत की वजह को लेकर साकार हरि के वकील एपी सिंह ने नया दावा पेश किया है...

Hathras News : हाथरस हादसे में नया मोड़ सामने आया है। भोलेबाबा के वकील ने नया दावा किया है। साकार हरि के वकील एपी सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके बताया कि हादसे की वजह कुछ और है। हादसे का कारण भगदड़ नहीं है बल्कि यह बाबा के खिलाफ साजिश है। वकील का कहना है कि हादसे के गवाहों ने उनसे संपर्क किया। उन्होंने बताया कि जहरीली गैस के कारण लोगों की मौत हुई है।

वकील ने घटना को बताया षड्यंत्र
अधिवक्ता ए.पी. सिंह, जो साकार हरि बाबा का प्रतिनिधित्व करते हैं, ने रविवार को एक महत्वपूर्ण बयान दिया। उन्होंने हाथरस में हुई घटना को बाबा की बढ़ती लोकप्रियता के विरुद्ध एक षड्यंत्र बताया। वकील ने कहा कि घटना के कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने उनसे संपर्क किया है। इन गवाहों का कहना है कि लगभग 15-20 लोगों ने भीड़ में जहरीली गैस के डिब्बे खोल दिए, जिससे अफरा-तफरी मच गई। अधिवक्ता ने यह भी बताया कि उन्होंने मृतकों की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का अध्ययन किया है। उनके अनुसार, रिपोर्ट से स्पष्ट होता है कि मौतें दम घुटने के कारण हुई हैं, न कि किसी अन्य कारण से।



हादसा नहीं हत्या
वकील का दावा है कि भगदड़ मचने के बाद साजिश रचने वाले लोग भाग गए। इनके लिए पहले से वाहनों का इंतजाम था। भगदड़ के दौरान सफेद और काली स्कॉर्पियो में बैठकर फरार हो गए। एपी सिंह ने कहा कि हाथरस पुलिस भी जांच कर रही है। अलीगढ़ का जो टोल है, उनकी सीसीटीवी फुटेज को सीज़ किया जाएगा। हम लोग पहचान करेंगे। ये कोई हादसा नहीं बल्कि हत्या है।

बाबा के खिलाफ पहली शिकायत दर्ज
बता दें कि हाथरस कांड को लेकर हाथरस वाले बाबा के खिलाफ पहली शिकायत पटना में दर्ज कराई गई है। सूरज पाल सिंह उर्फ भोले बाबा के खिलाफ यह केस सिविल कोर्ट में दाखिल किया गया है। पटना के सिविल कोर्ट में भाजपा नेता कृष्ण कुमार सिंह कल्लू ने शिकायत देकर भारतीय न्याय संहिता की धारा 109, 114, 115, 303 और 304 के तहत आरोप दर्ज कराए। गौरतलब है कि 2 जुलाई को हाथरस में भोले बाबा के सत्संग के दौरान मची भगदड़ में 122 लोगों की जान चली गई थी। इस घटना में अधिकतर मृतक महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग थे। शिकायतकर्ता ने बाबा को आरोपित करते हुए केस दाखिल किया है। पटना सिविल कोर्ट के वकील रवि रंजन दीक्षित ने बताया कि यह हाथरस कांड को लेकर बाबा के खिलाफ दर्ज पहला केस है।

जांच के लिए गठित तीन सदस्यीय टीम
हाथरस में हुए दर्दनाक सत्संग कांड की जांच के लिए गठित तीन सदस्यीय न्यायिक जांच आयोग की टीम शनिवार को हाथरस पहुंची। इलाहाबाद हाईकोर्ट के रिटायर्ड न्यायाधीश बृजेश कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में गठित इस टीम में पूर्व आईएएस अधिकारी हेमंत राव और पूर्व आईपीएस अधिकारी भवेश कुमार सिंह शामिल हैं। टीम दोपहर 12 बजे के करीब हाथरस पुलिस लाइन पहुंची। वहीं दिल्ली से गिरफ्तार हाथरस भगदड़ के मुख्य आरोपी देव प्रकाश मधुकर को कोर्ट में पेश किया गया। उसका मुंह ढंका गया था और पुलिस उसे दौड़ाकर ले गई। इस दौरान वह उलझकर मुंह के बल गिर पड़ा। सीजेएम कोर्ट ने मधुकर को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया है।

Also Read