Hathras News : मिशन शक्ति-5 के तहत छात्राओं ने निभाई सांकेतिक प्रशासनिक भूमिका, डीएम ने दिया करियर पर मार्गदर्शन

UPT | डीएम बनी छात्रा

Oct 08, 2024 19:25

हाथरस जिले में आज मिशन शक्ति-5 के तहत एक दिन की सांकेतिक जिलाधिकारी के रूप में छात्रा नेहा अग्रवाल ने जनता दर्शन में लोगो की समस्या सुनवाई करी। जाह्नवी कुशवाह ने सांकेतिक सीडीओ की भूमिका में जनता की सुनवाई करी।

Hathras News : उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में आज मिशन शक्ति-5 के तहत एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने सांकेतिक रूप से विभिन्न प्रशासनिक पदों का दायित्व निभाया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवतियों को प्रशासनिक कार्यों के प्रति जागरूक करना और उन्हें नेतृत्व का अनुभव प्रदान करना था।

जनता दर्शन में सुनीं लोगों की समस्याएं
छात्रा नेहा अग्रवाल ने जिलाधिकारी के रूप में जनता दर्शन में लोगों की समस्याएं सुनीं। वहीं, छात्रा जाह्नवी कुशवाह ने सांकेतिक मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) की भूमिका निभाते हुए जनता की सुनवाई की। अन्य छात्राओं ने भी विभिन्न पदों पर अपनी जिम्मेदारियां संभालीं, जैसे कि छात्रा रिया चौहान ने जिला विकास अधिकारी, छात्रा चेष्टा श्रोती ने जिला पंचायत राज अधिकारी, छात्रा गीता ने जिला प्रोबेशन अधिकारी, छात्रा रिया अग्रवाल ने जिला कार्यक्रम अधिकारी, समीक्षा शर्मा ने जिला कृषि अधिकारी और स्नेहा राजपूत ने जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी के रूप में कार्य किया। इसके अतिरिक्त, खुशी माहेश्वरी ने पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी के रूप में अपनी भूमिका निभाई।



संवाद कार्यक्रम का किया आयोजन
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए हाथरस के जिलाधिकारी राहुल पांडेय ने कलेक्ट्रेट सभागार में संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान, बाल सेवा योजना की लाभार्थी हितांशी सिंह और राशि ने सिविल सेवाओं की तैयारी और करियर से संबंधित सवाल किए। जिलाधिकारी ने छात्रों को सलाह देते हुए कहा कि सबसे पहले अपने जीवन में एक लक्ष्य निर्धारित करें और उसके बाद अर्जुन की तरह एकाग्रता के साथ उस लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करें।

ये सभी रहे मौजूद
डीएम ने यह भी बताया कि इंटर और स्नातक के साथ सिविल सेवा की तैयारी करना बहुत अच्छा है। उन्होंने सामान्य अध्ययन, समाचार पत्र, करंट अफेयर्स के अध्ययन के साथ-साथ पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों का अध्ययन करने का सुझाव दिया। इसके अलावा, उन्होंने छात्रों को समय प्रबंधन और रिवीजन पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर जोर दिया। इस अवसर पर जिला मुख्यालय के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Also Read