अयोध्या ग्राउंड जीरो : मठ मंदिरों, अस्पताल और घरों में जल कर्फ्यू, नगर निगम की टीम शहर में उतरी

UPT | नगर निगम की टीम ने शहर में निरीक्षण किया।

Jun 29, 2024 17:24

हफ्ते में दूसरी बार हुई मूसलधार बारिश और पानी निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं हो पानी से रामनगरी की हर गली में जल कर्फ्यू जैसे हालात हैं। श्रीराम जन्मभूमि के पास जलवनपुरा में हालात ज्यादा पीड़ा देने वाला है। ग्राउंड फ्लोर में पानी भरने से सोफा, बेड, किचन में सबकुछ बर्बाद हो रहा है...

Short Highlights
  • महज 2 घंटे की बारिश से जीवन अस्त व्यस्त, बिजली भी गुल
  • श्रीराम अस्पताल में भी बारिश के पानी ने मचाया हड़कंप, सेवाएं प्रभावित
  • मठ मंदिरों में राग भोग पूजा के साथ-साथ गौ सेवा कार्य भी बाधित

Ayodhya News : अयोध्या नव निर्माण में थोड़ी जल्दबाजी और थोड़ी लापरवाही ने यहां के वाशिंदों को संकट में डाल दिया है। हफ्ते में दूसरी बार हुई मूसलधार बारिश और पानी निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं हो पानी से रामनगरी की हर गली में जल कर्फ्यू जैसे हालात हैं। श्रीराम जन्मभूमि के पास जलवनपुरा में हालात ज्यादा पीड़ा देने वाला है। ग्राउंड फ्लोर में पानी भरने से सोफा, बेड, किचन में सबकुछ बर्बाद हो रहा है। हालांकि कमिश्नर और डीएम के निरीक्षण और निर्देश के बाद नगर निगम और जल निगम की टीमें पानी निकालने की व्यवस्था कर रही हैं। वहीं श्रीराम अस्पताल में नाले का गंदा पानी घुसने से इमरजेंसी सेवाओं और एक्स-रे रूम का कार्यबाधित हो गया है। जानकारी होने पर मंडलायुक्त गौरव दयाल और जिला अधिकारी नितीश कुमार तथा नगर आयुक्त जल भराव का स्थलीय निरीक्षण करने पहुंचे। जहां पंप लगाकर गन्दा पानी निकला गया। गली मोहल्ले में भीषण तौर पर पानी भरने से बिजली भी बाधित है।

बिजली बाधित होने से घर मालिकों को साफ सफाई में हो रही दिक्कत 
शनिवार सुबह हुई जोरदार बरसात के चलते मठ मंदिरों में राग भोग पूजा के साथ - साथ गौ सेवा भी प्रभावित हुई। अयोध्या धाम के अधिकांश क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति यहां तक कि राम जन्मभूमि के आसपास भी मठ मंदिरों में बिजली गुल है। बिजली न रहने से साफ सफाई का काम बाधित है। श्रीरामजन्मभूमि के सबसे नजदीक जलवनपुरा कॉलोनी में हालात सर्वाधिक खराब हैं। हालांकि पानी निकालने का प्रयास शुरू हो चुका है। यहां ग्राउंड फ्लोर में पानी घुसने से सर्वाधिक कष्ट लोगों को उठाना पड़ा है। बेड, सोफा, फ्रिज, किचन सामग्री बर्बाद हुई है। जल भराव की शिकायत पर नगर निगम की टीम जगह जगह युद्धस्तर पर पानी निकासी काम मे जुटी है। जल निकासी के समुचित प्रबंधन की व्यवस्था हो रही है। हालत यह है कि जलवानपुरा में जल निकासी को लेकर एक हफ्ते का समय टीम ने मांगा है। स्थाई तौर पर जलवान पुरा में कॉलोनी में भरे पानी की निकासी का प्रयास किया जा रहा है।

नगर आयुक्त बोले-जल भराव के निस्तारण का किया जा रहा है हर संभव प्रयास 
श्रीराम अस्पताल हो या जलवनपुरा कालोनी, रामपथ और जन्मभूमि पथ से पानी निकासी का हर सम्भव प्रयास किया जा रहा है। यह कहना है नगर आयुक्त संतोष कुमार का।  बताया कि श्री राम अस्पताल में भरे हुए जल के निकासी को लेकर स्थलीय निरीक्षण किया गया है। जलवानपुरा से जल निकासी के लिए की स्थाई व्यवस्था की जा रही है। बकौल नगर आयुक्त आगामी एक हफ्ता के अंदर जल निकासी की समस्या से निजात मिल जाएगी। बताया कि डीवाटरिंग पंप लगाए गए हैं।अधिकतम क्षमता के साथ जल निकासी कराई जा रही है। अयोध्या धाम क्षेत्र का पानी जलवानपुरा में स्थित क्षीरसागर में  एकत्र होता है। सीवेज के माध्यम से पानी खत्म हो जाता है। सीवेज के भार को कम करने के लिए नई पाइप लाइन बिछाई जा रही है। अयोध्या विकास प्राधिकरण की ओर से पाइप लाइन बिछाने का काम किया जा रहा है।

जल भराव की समस्या को समाधान करने के लिए 24 * 7 नगर निगम की टीम काम कर रही है। नगर आयुक्त का कहना है कि जलवानपुरा में जल भराव की समस्या 10 साल से ज्यादा पुरानी है। रामपथ और विकास कार्यों के निर्माण के बाद की पहली बारिश है। एक सप्ताह के अंदर तात्कालिक समस्याओं का निदान कर दिया जाएगा। राम पथ निर्माण कार्य को लेकर तमाम जांच चल रही है। नगर निगम अपने हिस्से का सभी कार्य जिम्मेदारी से कर रहा है। अयोध्या की भव्यता के लिए सारे प्रयास किए गए हैं। जल भराव की समस्या निर्माण कार्य में चूक नहीं है जांच का विषय है।

Also Read