पूर्व विधायक के खिलाफ मामला दर्ज : सोनू सिंह और भाई समेत छह पर हत्या का आरोप, जांच में जुटी पुलिस

UPT | former MLA Sonu Singh

Jul 01, 2024 10:22

पूर्व विधायक चन्द्रभद्र सिंह सोनू, उनके भाई पूर्व प्रमुख यशभद्र सिंह मोनू सहित कुल छह लोगों के खिलाफ हत्या, जानलेवा हमला और साजिश रचने...

Short Highlights
  • चन्द्रभद्र सिंह सोनू, उनके भाई सहित कुल छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है
  • पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की
Sultanpur News : उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में  गोसाईगंज पुलिस ने पूर्व विधायक चन्द्रभद्र सिंह सोनू, उनके भाई पूर्व प्रमुख यशभद्र सिंह मोनू सहित कुल छह लोगों के खिलाफ हत्या, जानलेवा हमला और साजिश रचने के आरोप में मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई धनपतगंज थाना क्षेत्र के मायंग गांव के पूर्व प्रधान रामदेव निषाद की शिकायत पर की गई, जिन्होंने आरोप लगाया कि उनके भाई जगदेव निषाद की हत्या एक साजिश के तहत की गई।

यह है पूरा मामला
दरअसल, घटना शुक्रवार शाम को हुई, जब जगदेव निषाद अपने मित्र विनय यादव के साथ मोटरसाइकिल पर घर लौट रहे थे। मायंग कटका मार्ग पर महिलौ आशापुर गांव के पास एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। जिसके बाद दोनों को केजीएमयू लखनऊ ले जाया गया, जहां शनिवार रात जगदेव की मृत्यु हो गई, जबकि विनय यादव की हालत गंभीर बनी हुई है। रामदेव का आरोप है कि यह दुर्घटना नहीं बल्कि एक सुनियोजित हत्या थी, जिसे चन्द्रभद्र सिंह सोनू, यशभद्र सिंह मोनू और उनके सहयोगी सूर्यप्रकाश सिंह, मंजीत सिंह और सत्येंद्र सिंह ने मिलकर अंजाम दिया। बताया गया कि अविश्वास प्रस्ताव के दौरान ही प्रधान व उनके भाई को जान से मारने की धमकी दी गई थी।

वायरल वीडियो की जांच
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की है और दिनभर गोसाईंगंज से लेकर बल्दीराय तक जांच में जुटी रही। इसके अलावा, घटना से संबंधित एक वायरल वीडियो की भी जांच शुरू कर दी गई है। हालांकि, इस वीडियो की कोई पुष्टि नहीं है। दूसरी तरफ, केस दर्ज होने के बाद ही मृतक के परिजन अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए।

Also Read