हजरत शाह मुहम्मद सकलैन मियां का कुल शरीफ : अकीदतमंदों की भारी भीड़ उमड़ी, सपा नेताओं ने दरगाह पर चादरपोशी की

UPT | उर्स का फोटो

Oct 09, 2024 20:10

हजरत शाह मुहम्मद सकलैन मियां का उर्स बुधवार को कुल शरीफ के साथ समाप्त हुआ। सुबह फज्र नमाज के बाद कुरान की तिलावत से उर्स की शुरुआत हुई। इस अवसर पर उलमा ने दीनी और दुनियावी तालीम पर तकरीर की...

Bareilly News : हजरत शाह मुहम्मद सकलैन मियां का उर्स बुधवार को कुल शरीफ के साथ समाप्त हुआ। सुबह फज्र नमाज के बाद कुरान की तिलावत से उर्स की शुरुआत हुई। इस अवसर पर उलमा ने दीनी और दुनियावी तालीम पर तकरीर की। अल्लामा मुख्तार अशरफ़ ने किब्ला पीरो मुर्शिद मियां हुज़ूर की सादगी और परहेजगारी का जिक्र करते हुए बताया कि अल्लाह ने उन्हें इज़्ज़त और शान दी। प्रोग्राम में हज़रत सादकैन सकलैनी और हज़रत असलम मियां वामिकी ने भी कलाम पेश किया।

कुल शरीफ की रस्म अदा
हजरत शाह मुहम्मद सकलैन मियां का उर्स कुल शरीफ के साथ समाप्त हुआ। इस अवसर पर कुल शरीफ़ की फातिहा साहिबे सज्जादा हज़रत शाह मुहम्मद गाज़ी मियां ने पढ़ी। उर्स में आए सभी ज़ायरीन की नेक तमन्नाओं की हुसूल के लिए खानक़ाह शरीफ़ के सज्जादा नशीन हज़रत अल्हाज गाज़ी मियां हुज़ूर ने दुआ की, खासतौर पर मुल्क और शहर के अमन-सुकून के लिए। इस दौरान क़ौम की सलामती और तरक्की के लिए भी विशेष दुआएं कराईं गईं। उर्स में बड़ी संख्या में जायरीन जुटे थे, जिससे दरगाह शरीफ़ के आस-पास के प्रमुख चौराहे जैसे कोहाडापीर, नैनीताल रोड, कुतुबखाना, कुमार टाकीज और जाटव पुरा चौराहा पर भीड़ का सैलाब उमड़ आया और सभी रास्ते जाम हो गए।



सपाइयों ने की चादरपोशी
दरगाह शाह मुहम्मद सकलैन मियां पर समाजवादी पार्टी (सपा) के नेताओं ने मंगलवार शाम चादरपोशी की। इस अवसर पर सजादनशीन मुहम्मद गाजी मियां से मिलकर राष्ट्रीय अध्यक्ष का संदेश भी दिया। सपा के नेताओं ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की तरफ से दरगाह पर चादर पेश करते हुए अकीदत के फूल अर्पित किए। अखिलेश यादव ने कहा कि हजरत शाह सकलैन मियां एक महान रूहानी शख्सियत थे। इस दरबार में हाजिरी लगाने वाले सभी धर्मों के लोगों को बुजुर्गों से लाभ मिला है। उन्होंने मुल्क के अमन और तरक्की के लिए भी दुआ की।

सपा नेताओं ने की दुआ
सपा के नेताओं ने मुल्क के अमन और तरक्की के लिए दुआ की। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों ने इंसानियत का पैगाम दिया है, जिससे सभी धर्मों के लोग यहां हाजिरी देने आते हैं। दरगाहों की समाज में भाईचारा बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका है। हालांकि, वर्तमान समय में कुछ लोग सियासी लाभ के लिए समाज में नफरत फैलाने में लगे हैं, जो देश के लिए बेहद खतरनाक है।

ये सभी रहे शामिल
इस दौरान महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी, सपा के आंवला सांसद नीरज मौर्य, विधायक एवं पूर्व मंत्री शहजिल इस्लाम, प्रदेश सचिव शुभलेश यादव, पूर्व महानगर अध्यक्ष कदीर अहमद, अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष इंजीनियर अनीस अहमद खां, प्रदेश प्रवक्ता मुहम्मद साजिद, प्रदेश प्रवक्ता मयंक शुक्ला मोंटी, अल्पसंख्यक सभा के जिलाध्यक्ष असलम खां, जिला उपाध्यक्ष तनबीरुल इस्लाम, पार्षद अब्दुल कय्यूम खां मुन्ना, पार्षद आरिफ कुरैशी, सोहेल, रमीज हाशमी, डॉक्टर चांद समेत बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।

उर्स दरगाह पर शांति से संपन्न हुआ
दरगाह के जिम्मेदारों ने बताया कि उर्स सकलैनी की अनुमति न मिलने के कारण अफरातफरी का माहौल बना रहा, जिससे जायरीन को कई समस्याओं का सामना करना पड़ा। पार्किंग के लिए कोई व्यवस्था नहीं होने के कारण भीड़ में काफी असुविधा हुई। हालांकि, उर्स दरगाह पर शांति से संपन्न हुआ।

Also Read