चित्रकूट से बड़ी खबर : छेड़खानी से परेशान होकर किशोरी ने की आत्महत्या, परिजनों ने पुलिस पर लगाए आरोप

UPT | प्रतीकात्मक फोटो

Jun 24, 2024 23:43

चित्रकूट जिले में छेड़खानी की घटना से परेशान होकर 10वीं की एक छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं इस मामले में...

Chitrakoot News : चित्रकूट जिले में छेड़खानी की घटना से परेशान होकर 10वीं की एक छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं इस मामले में परिजन शिकायत करने थाने पहुंचे। आरोप है कि पीड़ित परिजनों के साथ पुलिस ने मारपीट की है। पुलिस ने मृतक किशोरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।

स्कूल जाते समय करते थे छेड़छाड़
जानकारी के अनुसार, मऊ थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 10वीं की छात्रा के परिजनों ने आरोप लगाते हुए बताया है कि उनकी बेटी शंकरगढ़ के एक स्कूल में पढ़ती थी। स्कूल जाते वक्त उनकी बेटी को गांव के ही रहने वाले दो शोहदे लगातार कई महीने से छेड़खानी कर रहे थे। जिसकी शिकायत उन्होंने कई बार थाने में की। आरोप है कि पुलिस ने आरोपी शोहदों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। जिसके बाद उन्होंने फरवरी माह में भी आरोपियों के खिलाफ डाक द्वारा पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई थी। तब भी उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। आरोपी उनकी बेटी के साथ आए दिन रास्ते में छेड़खानी करते थे। 

परेशान होकर लगाई फांसी
परिजनों का कहना है कि दो दिन पहले फिर से आरोपियों ने छेड़खानी की थी। जिससे परेशान होकर बेटी ने फांसी के फंदे से लटक कर रविवार शाम आत्महत्या कर ली। आरोप है कि जब वह सूचना देने मऊ थाने पहुंचे तो पुलिस ने उल्टा ही उनकर कई आरोप लगाकर उन्हें थाने बंद कर पिटाई कर दी और उनके शिकायती पत्र को फाड़कर फेंक दिया। बाद में अपने से मुकदमा लिखकर एक कॉपी देकर बच्ची का पोस्टमार्टम कराने के लिए भेज दिया। अगर पुलिस ने पहले ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की होती तो आज उनकी बेटी जिंदा होती।

सपा विधायक ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप 
वहीं इस मामले में सपा से सदर विधायक अनिल प्रधान पीड़ित परिजनों से मुलाकात करने पहुंचे। जहां उन्होंने यूपी पुलिस पर कई गंभीर आरोप लगाए। मुख्यमंत्री से मामले में जांच कर पीड़ित परिवार को न्याय देने की मांग की है। इस मामले में क्षेत्राधिकारी निष्ठा उपाध्याय का कहना है कि कल एक लड़की के आत्महत्या करने की सूचना मिली थी। जिसपर पीड़ित परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। लड़की के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों द्वारा जो पुलिस पर आरोप लगाए गए हैं, उसकी जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Also Read