‌Balarampur News : दो महीने में 6 मासूमों को अपना निवाला बनाने वाला आदमखोर तेंदुआ पकड़ा गया

Uttar Pradesh Times | बलरामपुर।

Jan 15, 2024 13:41

तेंदुए को पकड़ने के लिए धर्मपुर गांव में रामदेव के सागौन के बाग में घास से ढंककर एक पिंजरा लगाया गया था। तेंदुआ को जाल में फंसाने के लिए उसमें एक बकरी भी बांधी गई थी। जैसे ही तेंदुआ बकरी का शिकार करने पहुंचा पिंजड़े में कैद हो गया।

‌Balarampur News : पिछले दो महीने से आदमखोर तेंदुए के आतंक के साए में जी रहे सोहेलवा वन क्षेत्र से सटे गांवों के ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है । जनकपुर रेंज के धर्मपुर गांव में वन विभाग द्वारा लगाए गए पिंजड़े में एक और आदमखोर तेंदुआ फंस गया है । वह अब तक छह मासूम बच्चों को अपना निवाला बना चुका था। 

धर्मपुर गांव में पिंजरे में फंसा तेंदुआ
जानकारी के मुताबिक वन विभाग ने तेंदुए के आतंक को देखते हुए धर्मपुर, लाल नगर सिपहिया, बेलवा गांव सहित प्रभावित गांवों के आसपास 20 पिजड़े और आठ सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं। तेंदुए को पकड़ने के लिए धर्मपुर गांव में रामदेव के सागौन के बाग में घास से ढंककर एक पिंजरा लगाया गया था। तेंदुआ को जाल में फंसाने के लिए उसमें एक बकरी भी बांधी गई थी। जैसे ही तेंदुआ बकरी का शिकार करने पहुंचा पिंजड़े में कैद हो गया। तेंदुए के पिजड़े में कैद होने की जानकारी तब हुई जब गांव के कुछ लोग खेत में काम करने जा रहे थे। तभी उन लोगों ने तेंदुए के दहाड़ने की आवाज सुनी। उसके दांत और सिर से खून निकल रहा था। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी वन विभाग को दी। वन विभाग की टीम पिंजड़े सहित तेंदुए को लेकर जनकपुर रेंज चली गई। डीएफओ डॉ. सैम मारन एम ने रविवार को बताया कि पिंजड़े में फंसे तेंदुए की उम्र करीब 8 साल है और वह नर है। 

50 गांव के लोग थे दहशत में
उन्होंने बताया कि पिंजड़े से निकलने की कोशिश में तेंदुए ने सरिया पर वार किया, जिससे उसके सिर और दांतों में चोट लग गई। उसका इलाज करवाया जा रहा है। आदमखोर तेंदुए के आतंक से करीब 50 गांव परेशान थे। वह पिछले 2 महीने में 6 मासूम बच्चों को अपना निवाला बना चुका था। 
 

Also Read