Maharajganj News : आप सुरक्षित माहौल में मनाएं त्योहार, इसके लिए महराजगंज पुलिस है तैयार

UPT | महराजगंज पुलिस

Oct 11, 2024 23:11

खबर यूपी के जनपद महराजगंज से है जहां बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक दशहरा का पर्व शनिवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा....

Maharajganj News : खबर यूपी के जनपद महराजगंज से है जहां बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक दशहरा का पर्व शनिवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। लोग रावण और उसके परिवार के पुतलों का दहन कर विजयादशमी का उत्सव मनाएंगे। दशहरा पर्व और दुर्गा मूर्ती विसर्जन के लिए पुलिस और प्रशासन की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। जिले में 10 से 52 फुट ऊंचे पुतले तैयार किए गए हैं। दशहरा को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने और रावण दहन के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए कड़े सुरक्षा प्रबंध करने के निर्देश दिए हैं।  
सादे कपड़ों में भी तैनात होंगे पुलिस के जवान
दशहरा पर्व के शांतिपूर्ण आयोजन और रावण दहन को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। इस दौरान किसी भी अवांछनीय घटना को रोकने के लिए पुलिस ने सभी जरूरी उपाय किए हैं। शोभा यात्राओं के मद्देनजर प्रशासन ने भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन के विशेष इंतजाम किए हैं। रामलीला मैदान में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं, जहां प्रवेश और निकासी के लिए विशेष गेट बनाए गए हैं। मैदान के अंदर और बाहर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है, जो व्यवस्था पर कड़ी निगरानी रखेंगे। यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस भी तैनात की गई है। इसके अलावा, अग्निशमन वाहन, एंबुलेंस और रिकवरी वाहन भी मौके पर उपलब्ध रहेंगे। पुलिस के जवान सादे कपड़ों में भी तैनात होंगे ताकि किसी भी स्थिति पर नजर रखी जा सके।   पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने बताया कि पुलिस ने इस पर्व को शांति और भाईचारे के साथ संपन्न कराने के लिए विशेष कार्ययोजना बनाई है। सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी हर स्थिति पर पैनी नजर रख रहे हैं। रामलीला कमेटियों को भी विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।   आयोजकों के लिए जारी निर्देश...  रावण दहन स्थल के चारों ओर समय से पहले बैरिकेडिंग कराई जाए और लोगों के आने-जाने के लिए अलग रास्ता तय किया जाए। - कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त संख्या में निकासी द्वार बनाए जाएं। - रावण दहन स्थल के पास वाहन पार्किंग की उचित व्यवस्था हो। - समारोह स्थल पर अग्निशमन यंत्र और पानी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। - शोभा यात्रा, रावण दहन और पार्किंग स्थल पर स्वयंसेवकों की पर्याप्त संख्या में तैनाती की जाए। - शोभा यात्रा के दौरान मार्ग अवरुद्ध न किया जाए। - ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों और अधिकारियों का सहयोग करें। - प्रशासन द्वारा दी गई अनुमति और शर्तों का पालन अनिवार्य रूप से करें।   महराजगंज में सुरक्षा को लेकर पुलिस के कड़े इंतजाम ---  -भीड़ प्रबंधन और भक्तों की सुरक्षा के लिए पुलिस तैयार। -थानों के पुलिस बल के अतिरिक्त पुलिस व पीएसी रहेगी तैनात। -हर मंदिर के लिए पुलिस द्वारा की गई है अलग व्यवस्था। -रावण दहन स्थल पर बैरिकेडिंग और तय रास्ते अनिवार्य। -हर समारोह स्थल पर अग्निशमन यंत्र और पानी की व्यवस्था। -शोभा यात्रा के दौरान यातायात सुचारू रखने के निर्देश। -मंदिरों में प्रवेश-निकास के लिए अलग-अलग मार्ग बनाए गए। -महिला सुरक्षा के लिए विशेष टीम और CCTV तैनात। -संवेदनशील मार्गों पर जुलूस के साथ पुलिस बल मुस्तैद। -भीड़भाड़ वाले स्थानों पर आपात चिकित्सा टीम तैनात। -श्रद्धालुओं के लिए कतार व्यवस्था और बैरिकेडिंग जरूरी। -नदी स्नान स्थलों पर फिसलन रोकने और गोताखोर तैनात। -सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी हर गतिविधि पर नजर रखेंगे।   मंदिरों एवं मेला स्थलों पर व्यवस्था संबधी प्रमुख आदेश... - मंदिरों के आस-पास साफ-सफाई कराते हुए स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए।  - महत्वपूर्ण मेला स्थलों पर बड़े तथा प्रसिद्ध मंदिरों पर भीड़ नियंत्रण हेतु व्यवस्थाएं की जाए। - मुख्य द्वार पर प्रवेश नियंत्रण और एण्टी सेबोटॉज चेकिंग की व्यवस्था की जाए। - भगदड़ से बचने के लिए प्रवेश और निकास मार्गों की अलग-अलग व्यवस्था की जाए। - मंदिर व्यवस्थापकों से उचित समन्वय रखते हुए उन्हें विश्वास में लेकर सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाए। - श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के दृष्टिगत कतारों की व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने हेतु समुचित बैरीकेडिंग मंदिर व्यवस्थापकों के सहयोग से करा ली जाए। - प्रकाश की समुचित एवं पर्याप्त व्यवस्था की जाए। - जहां जहां श्रद्धालुओं द्वारा नदी / जलाशयों में स्नान किए जाते हैं, वहां घाटों पर फिसलन रोकने के लिए समुचित प्रबन्ध किया जाए।  - आवश्यकतानुसार नावों एवं गोताखोरों की व्यवस्था सुनिश्चित की किए। - वाहनों की पार्किंग हेतु उपयुक्त स्थान की व्यवस्था की जाए। - भारी भीड़ वाले स्थानों पर आपात चिकित्सा हेतु चिकित्सीय टीम की व्यवस्था की जाए।  - नागरिक सुविधायें: जैसे विद्युत, पेयजल और स्वच्छता बनाये रखने हेतु संबंधित विभागों एवं मंदिर / मेले के व्यवस्थापकों से समन्वय स्थापित करते हुये व्यवस्थायें सुनिश्चित की जाए। - ऐसे स्थलों पर अग्निशमन यन्त्रों का अधिष्ठापन एवं अग्निशमन वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। - महिलाओं सम्बन्धी अपराध यथा-छेड़खानी / छीटाकशी / पॉकेटमारी / चैन स्नैचिंग / लूट की घटनाएं रोकने के लिए काइम ब्रांच व महिला पुलिस की संयुक्त टीम लगाई जाए। महिलाओं से छेड़खानी कभी -कभी साम्प्रदायिक रूप ले लेती है। इस ओर विशेष ध्यान दिया जाये। - यथा आवश्यक सीसीटीवी कैमरों एवं वीडियोग्राफी टीम की व्यवस्था की जाए।  - जुलूसों के साथ पर्याप्त पुलिस बल का व्यवस्थापन किया जाये, विशेषकर जुलूस के उन मार्गों पर जिन पर दूसरे सम्प्रदाय के लोगों के धार्मिक स्थल स्थित हैं। उत्तेजनात्मक नारेबाजी न की जाए।

Also Read