Weather Update : गोरखपुर में मानसून ने दी दस्तक, गरज-चमक के साथ हुई तेज बारिश

UPT | : गोरखपुर में मानसून ने दी दस्तक

Jun 26, 2024 16:09

मंगलवार से आसमान में बादल छाने और बारिश से लोगों को काफी राहत मिल रही है। तापमान में 8 से 10 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने से मौसम सुहाना है। आने वाले दिनों में गोरखपुर समेत कई जिलों में...

Gorakhpur News : मानसून की बारिश शुरू होने से पूर्वांचल के गोरखपुर, महराजगंज, देवरिया और कुशीनगर में लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। इन जिलों में एक सप्ताह पहले तक भीषण गर्मी का दौर जारी था, जब तापमान 43 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। इस दौरान लू के कारण बड़ी संख्या में लोग बीमार भी पड़े थे। लेकिन मंगलवार से आसमान में बादल छाने और बारिश से लोगों को काफी राहत मिल रही है। तापमान में 8 से 10 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने से मौसम सुहाना बना हुआ है। आने वाले दिनों में गोरखपुर समेत कई जिलों में अच्छी बारिश की उम्मीद है। 

भीषण गर्मी से मिली राहत
गोरखपुर समेत कई जिलों में मानसून ने दस्तक दे दी है। आने वाले दिनों में बारिश की संभावना बढ़ गई है। हालांकि, इन दिनों मौसम विभाग ने अन्य वर्षों की तुलना में जून में 20 फीसदी कम बारिश का अनुमान जताया था। लेकिन मानसून के रुख को देखते हुए माना जा रहा है कि जून में भी अच्छी बारिश हो सकती है। वहीं, जुलाई में भी अच्छी बारिश का अनुमान जताया गया है। दरअसल, पिछले डेढ़ महीने से पूर्वांचल समेत पूरे उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी पड़ रही थी। तापमान 43 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। इससे आम जनमानस बेहाल नजर आ रहा था। लेकिन अब मौसम में आए बदलाव से हर तरफ भीषण गर्मी से राहत महसूस की जा रही है।

धान की रोपाई में आई तेजी 
गोरखपुर ,महराजगंज समेत अन्य जनपदों में मंगलवार देर रात मौसम ने अचानक करवट ली। बुधवार की भोर होते - होते आसमान में घने काले बादल छा गए। तेज बिजली कड़कने की आवाज के बीच बारिश शुरू हुई और भोर में साढ़े तीन बजे से सुबह 6 बजे के बीच जिले के अलग-अलग हिस्सों में जमकर बारिश होती रही। किसानों ने बताया कि उनके खेतों में अच्छा पानी भर गया है। धान की रोपाई के लिए यह स्थिति बेहद अनुकूल है। दरअसल, समय से पानी बरस जाने से तमाम किसान पम्पिंग सेट चला कर खेतों में पानी भरने से बच गए हैं। इससे उन्हें काफी आर्थिक मदद मिली है। वहीं, बारिश के पानी में धान की रोपाई करने से पौधे भी मजबूत होते हैं और पैदावार भी अच्छी होती है। वही इस बारिश से धान समेत सभी फसलों को संजीवनी मिली है।

Also Read