बदलता उत्तर प्रदेश : गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल काॅरिडोर के लिए और जमीन खरीदी जाएगी, मिली स्वीकृति

UPT | मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी

Feb 29, 2024 00:53

मंत्री नन्दी ने कहा कि केंद्र सरकार और राज्य सरकार के नेतृत्व में गोरखपुर में पूर्वी उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा औद्योगिक गलियारा बनाने की योजना है। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के किनारे...

Short Highlights
  • करीब 13500 एकड़ में फैले गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्र में अधिकांश प्लाॅट उद्योगों के लिए आवंटित हो चुके हैं।
  • गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे का निर्माण प्रदेश के औद्योगिक विकास को बढ़ावा देगा, जो रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएगा।
Gorakhpur News : उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे को लेकर बड़ा फैसला किया है। एक्सप्रेसवे के दोनों तरफ औद्योगिक गलियारा विकसित करने के लिए बाकी बचे जमीन को किसानों के आपसी समझौते से खरीदने की मंजूरी दी है। इसे गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) से निर्धारित 200 करोड़ की बजट में से खरीदा जायेगा। जिससे गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के दोनों तरफ औद्योगिक गलियारा के लिए अधिसूचित ग्राम तालनवर व बाघागाड़ा तहसील सदर की भूमि  साथ ही पूर्व में ग्राम भगवानपुर तहसील सहजनवा की खरीदी गई भूमि से लगी हुई बाकी भूमि को किसानों के आपसी समझौते से खरीदा जाएगा।

गोरखपुर में पूर्वी क्षेत्र का सबसे बड़ा औद्योगिक गलियारा बनाने की योजना : नन्दी
मंत्री नन्दी ने कहा कि केंद्र सरकार और राज्य सरकार के नेतृत्व में गोरखपुर में पूर्वी उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा औद्योगिक गलियारा बनाने की योजना है। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के किनारे औद्योगिक गलियारे का विकास किया जा रहा है। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के दोनों तरफ 1250 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। पहले चरण में 370 एकड़ जमीन अधिग्रहित कर उसे उद्यमियों को आवंटित किया जा चुका है। इसके बाद अब 368  एकड़ जमीन और अधिग्रहित की जानी है। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे का निर्माण प्रदेश के औद्योगिक विकास को बढ़ावा देगा, जो रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएगा।

मुख्यमंत्री की पहल का उद्यमियों पर हो रहा असर : मंत्री
औद्योगिक विकास मंत्री ने आगे जोड़ा कि गोरखपुर में औद्योगिक विकास के लिए मुख्यमंत्री की विशेष पहल का उद्यमियों पर यह असर हो रहा है कि वे अपने नए उद्योग गोरखपुर के औद्योगिक क्षेत्र में लगाने पर ध्यान दे रहे हैं। पेप्सिको और ज्ञान डेयरी को प्लाॅट आवंटन के बाद कई और बड़े उद्यमी गोरखपुर में जमीन के लिए प्रशासन से संपर्क कर रहे हैं।

करीब 13500 एकड़ में फैले गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्र में अधिकांश प्लाॅट उद्योगों के लिए आवंटित हो चुके हैं। इसलिए गोरखपुर में उद्योगों का जाल बिछाने के लिए गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के किनारे औद्योगिक गलियारा को विकसित किया जा रहा है। गोरखपुर में पेप्सिको और ज्ञान डेयरी के साथ ही कई बड़ी-बड़ी कम्पनियां निवेश के लिए इच्छुक हैं। जिसे देखते हुए ही औद्योगिक गलियारे के विस्तारीकरण के लिए जमीनों का अधिग्रहण किया जा रहा है।

Also Read