Jhansi News : 13 महीनों तक विवाहिता ने झेला दहेज उत्पीड़न, अंत में फंदे पर लटकी मिली लाश

UPT | काजल की शादी की तस्वीर

Apr 11, 2024 10:48

बड़ागांव थाना इलाके में एक गर्भवती महिला का शव फंदे पर लटका मिला। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने ससुराल पक्ष के सात...

Short Highlights
  • 17 फरवरी 2023 को बृजेंद्र के साथ हुई थी काजल की शादी।
  • तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही पुलिस।
Jhansi News : बड़ागांव थाना इलाके में एक गर्भवती महिला का शव फंदे पर लटका मिला। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने ससुराल पक्ष के सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।

मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
मृतका के मामा ने बताया कि उनकी भांजी काजल की शादी बृजेंद्र उर्फ वीरू कुशवाहा के साथ 17 फरवरी 2023 को काजल के साथ हुई थी। शादी में 12 लाख रुपये खर्च किए गए थे। शादी के कुछ दिन बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग काजल को दहेज के लिए परेशान करने लगे। तीन लाख रुपये की मांग को लेकर विवाद होता था। पंचायत में समझौता हुआ, लेकिन ससुराल वाले दोबारा से भांजी को परेशान करने लगे।

मायके आने के बाद भी उत्पीड़न जारी रहा
मामा ने बताया कि काजल सात माह की गर्भवती थी। होली के बाद दूज पर वह मायके आई और भाई का टीका करके उसी दिन ससुराल चली गई। बुधवार सुबह ससुराल से फोन आया कि काजल ने फांसी लगा ली। जब वे लोग मौके पर पहुंचे तो कमरे में पंखे पर काजल का शव लटका था। पति, ससुर और जेठ मौके से नदारद थे।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
सीओ सदर स्नेहा तिवारी ने बताया कि प्रथमदृष्टया मृतका ने फंदा लगाकर आत्महत्या की है। परिजनों की तहरीर पर पति, ससुर, सास, जेठ, जेठानी, दादी सास और दादा ससुर के खिलाफ दहेज हत्या और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है।

Also Read