Loving Couple Suicide : औरैया में प्रेमी युगल के पेड़ से लटकते मिले शव, पुलिस घटना की जांच में जुटी

UPT | पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Jun 04, 2024 01:37

औरैया में सोमवार को प्रेमी युगल के शव फंदे से लटकते मिले हैं। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों की शिनाख्त कराई। वहीं, फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।

Auraiya News : यूपी के औरैया से खौफनाक घटना प्रकाश में आई है। सोमवार को प्रेमी युगल के शव गांव के बाहर खेतों के बीच पेड़ से लटकते हुए मिले हैं। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुसिल ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। वहीं, इस घटना के बाद दोनों ही परिवारों में कोहराम मच गया। जिसके चलते गांव में पुलिस फोर्स को भी तैनात किया गया है।

एरवाकटरा थाना क्षेत्र नगला निवी गांव निवासी युवती कोमल शाक्य (19) का गांव के ​ही निलेश कमल (25) से प्रेम संबंध थे। दोनों के बीच बीते दो साल से अफेयर चल रहा था। निलेश पहले से शादीशुदा था। कोमल के परिजनों को जब प्रेम संबंधों की जानकारी हुई, तो उन्होंने उसके बाहर निकलने पर प्रतिबंध लगा दिया। प्रेमी युगल एक दूसरे से शादी करना चाहते थे। लेकिन दोनों के प्रेम सबंधों के बीच जाति सबसे बड़ी अड़चन बन रही थी।

गांव के आसपास की मिली थी लोकेशन
रविवार को रात 11 बजे प्रेमी युगल घर से लापता थे। परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कहीं कुछ पता नहीं चला। सोमवार सुबह परिजनों ने पुलिस को बेटी के गुम होने की सूचना दी थी। पुलिस ने जब निलेश के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस किया, तो गांव के आसपास की बता रही थी। इसी बीच चौकीदार रामऔतार ने सूचना दी कि गांव के बाहर प्रेमी युगल के शव फंदे से लटक रहे हैं।

पुलिस जांच में जुटी
प्रेमी युगल के शव मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ इकठ्ठा हो गई। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस के सामने परिजनों ने शवों की शिनाख्त की। सीओ अशोक कुमार सिंह ने बताया कि वीडियोग्राफी कर शवों को नीचे उतारा गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट हो जाएगी। फिलहाल पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। 

Also Read