भेड़ियों का आतंक: जंगली जानवर ने महिला पर हमला कर किया लहूलुहान, गांव में दहशत का माहौल

UPT | भेड़िया

Sep 19, 2024 09:21

कन्नौज में जंगली जानवरों का आतंक जारी है। झोपड़ी में बच्चों के साथ सो रही महिला पर जंगली जानवर ने हमला कर दिया। जिसमें महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं दूसरी जगह पर जंगली जानवरों ने दो बकरों को मार डाला।

Kannauj News: यूपी के कन्नौज समेत आसपास के जिलों में जंगली जानवरों का आतंक देखने को मिला है। कन्नौज में एक महिला मंगलवार रात को बच्चों के साथ झोपड़ी में सो रही थी। इसी दौरान जंगली जानवर ने महिला पर हमला कर दिया। जिससे वह लहूलुहान हो गई, चारो तरफ अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण लाठी-डंडे के साथ मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने आसपास जंगली जानवर की तलाश की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। वहीं घायल महिला को उपचार के लिए डॉक्टर के पास ले जाया गया।

सौरिख थाना क्षेत्र स्थिति कांकरकुई निवासी मदन सिंह गांव के बाहर झोपड़ी डालकर रहते हैं। मदन मंगलवार रात झोपड़ी के बाहर लेटा था। वहीं रूबी बच्चों के साथ अंदर सो रही थी। इसी दौरान रात लगभग 11 बजे के आसपास जंगली जानवर ने रूबी पर हमला कर दिया।

भेड़िया होने का जताया शक 
जंगली जानवर के हमले से रूबी चीखने चिल्लाने लगी। जिससे पति की नींद खुल गई, वह झोपड़ी के अंदर पहुंचा तो जंगली जानवर भाग गया था। रूबी के शरीर में दांतो और पंजे के निशान थे, उन्होंने भेड़िया होने की आशंका जाहिर की है। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।शाम होती ही ग्रामीण घरों के अंदर कैद हो जाते हैं।

दो बकरों को मार डाला 
गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र स्थिति जहांगीरपुर के पास छोटा महोना गांव निवासी राजीव जाटव के दो बकरे झोपड़ी में बंधे थे। मंगलवार रात बकरों के चिल्लाने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचा, तो देखा की जंगली जानवरों ने उनका पेट फाड़ दिया था। राजीव ने बताया कि तीन जानवर कुत्ते के आकार से थोड़ा बड़े थे। आहट पाते ही मौके से भाग गए। उन्होंने बताया कि जब काली नदी का जल स्तर बढ़ता है, तो जंगली जानवर खाने की तलाश में आबादी वाले क्षेत्रों में आ जाते हैं।

Also Read