पूर्व विधायक चंद्रभद्र सिंह सोनू सपा में शामिल : पिछले लोकसभा चुनाव में मेनका गांधी को दी थी कड़ी टक्कर, बसपा से हुए थे बर्खास्त

UPT | चंद्रभद्र सिंह सोनू सपा में शामिल

May 21, 2024 22:35

चंद्रभद्र सिंह 2019 में सुल्तानपुर से बसपा के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ चुके हैं। उन्होंने उस चुनाव में भाजपा की प्रत्याशी मेनका गांधी को कड़ी टक्कर दी थी। इस चुनाव में मेनका गांधी महज 14 हजार 526 वोट से जीत दर्ज कर पाई थीं।

Short Highlights
  • चंद्रभद्र सिंह 2002 में पहली बार सपा के टिकट पर विधायक बने थे।
  • 2009 के बाद उन्होंने समाजवादी पार्टी छोड़कर बसपा का दामन थाम लिया था।
Lucknow News : लोकसभा चुनाव के बीच में समाजवादी पार्टी के लिए अच्छी खबर सामने आ रही है। पूर्व विधायक चंद्रभद्र सिंह सोनू ने समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया है। समाजवादी पार्टी ने अपने सोशल मीडिया साइट 'X' पर फोटो शेयर कर इस बात की जानकारी दी है। फोटो में अखिलेश यादव के साथ चंद्रभद्र सिंह मौजूद हैं।

चंद्रभद्र सिंह 2019 में सुल्तानपुर से बसपा के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ चुके हैं। उन्होंने उस चुनाव में भाजपा की प्रत्याशी मेनका गांधी को कड़ी टक्कर दी थी। इस चुनाव में मेनका गांधी महज 14 हजार 526 वोट से जीत दर्ज कर पाई थीं। वहीं चुनाव के 6 महीने बाद ही चंद्रभद्र सिंह और उनके भाई मोनू सिंह को बहुजन समाज पार्टी ने पार्टी से बर्खास्त कर दिया था।
 
सपा के टिकट पर पहली बार बने विधायक
चंद्रभद्र सिंह 2002 में पहली बार विधायक बने थे। इस चुनाव में वह सपा के टिकट पर इसौली सीट से विधायक चुनकर विधानसभा पहुंचे थे। साथ ही 2007 में भी उन्हें जीत मिली थी। लेकिन 2009 के बाद उन्होंने समाजवादी पार्टी छोड़कर बसपा का दामन थाम लिया था। इसके बाद उन्होंने फिर से पार्टी बदलकर 2012 में पीस पार्टी में चले गए थे। 2014 में फिर से पार्टी बदलकर चंद्रभद्र सिंह भाजपा में शामिल हो गए थे।

सुल्तानपुर में छठे चरण में 25 में को मतदान होना है। इस बार सुल्तानपुर से मौजूदा सांसद मेनका गांधी को भारतीय जनता पार्टी ने अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं समाजवादी पार्टी ने राम भुवाल निषाद को मैदान में उतारा है। बसपा के टिकट पर उदय राज वर्मा चुनाव लड़ रहे हैं। चंद्रभद्र सिंह के सपा में आने से मेनका गांधी की मुश्किलें बढ़ती हुई दिख रही हैं।

Also Read