योगी मंत्रीमंडल का विस्तार : कौन हैं दारा सिंह चौहान, जिन्हें यूपी कैबिनेट में मिली जगह?

UPT | दारा सिंह चौहान बनाए गए मंत्री

Mar 05, 2024 17:28

दारा सिंह चौहान को योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल में मंत्रीमंडल विस्तार में जगह मिल गई है। उन्हें लंबे समय से मंत्री बनाए जाने की अटकलें लग रही थीं। दारा सिंह चौहान पार्टी बदलने में माहिर माने जाते हैं।

Short Highlights
  • योगी सरकार का हुआ मंत्रीमंडल विस्तार
  • दारा सिंह चौहान बनाए गए मंत्री
  • पार्टी बदलने में माहिर हैं दारा सिंह
Lucknow News : समाजवादी पार्टी से भारतीय जनता पार्टी में आए दारा सिंह चौहान को योगी सरकार 2.0 के मंत्रीमंडल में जगह मिल गई है। दारा सिंह चौहान उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य हैं। उन्हें लंबे समय से मंत्री बनाए जाने की अटकलें लग रही थीं। दारा सिंह चौहान की राजनीतिक यात्रा कई अलग-अलग पार्टियों में रहते हुए गुजरी है। आज हम आपको दारा सिंह चौहान के बार में बताने जा रहे हैं।

छात्र राजनीति से की थी शुरुआत
दारा सिंह चौहान का जन्म 25 जुलाई 1963 को आजमगढ़ जिले के गलवारा गांव में हुआ था। उन्होंने यूपी बोर्ड से अपनी शुरुआती पढ़ाई की। दारा सिंह चौहान की शुरुआत डीएवीपीजी कॉलेज में बतौर छात्र नेता हुई। इसके बाद उन्होंने राजनीति की मुख्यधारा में कदम रखा और 1996 में राज्यसभा के सदस्य बनकर पहुंचे। दारा सिंह चौहान ओबीसी समाज का बड़ा चेहरा हैं।

पाला बदलने में माहिर हैं दारा सिंह
दारा सिंह चौहान पाला बदलने में माहिर माने जाते हैं। उनकी शुरुआत कांग्रेस के पदाधिकारी के तौर पर हुई थी। लेकिन कुछ समय बाद वह बसपा में शामिल हो गए और जिला पंचायत सदस्य निर्वाचित हुए। 1996 में बसपा के टिकट पर वह राज्यसभा पहुंचे। लेकिन दारा सिंह ने पाला बदला और समाजवादी पार्टी में चले गए। साल 2000 में सपा ने उन्हें राज्यसभा भेजा। इसके बाद 2007 में विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने फिर पाला बदला और बसपा में शामिल हो गए।

भाजपा से भी जुड़ा रिश्ता
2009 में बसपा के टिकट पर दारा सिंह चौहान ने पहली बार लोकसभा का चुनाव लड़ा और जीत गए। इसके बाद 2014 में वह भाजपा प्रत्याशी के सामने चुनाव हार गए। मामले की नजाकत को देखते हुए दारा सिंह चौहान ने 2015 में भाजपा की सदस्यता ले ली। पार्टी ने उन्हें तब पिछड़ा वर्ग मोर्चा का अध्यक्ष बना दिया। 2017 में भाजपा के टिकट पर मधुबन सीट से विधायक बने। तब उन्हें योगी कैबिनेट में भी जगह मिली थी। लेकिन 2022 के यूपी विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने भाजपा छोड़कर सपा का दामन थाम लिया और घोसी सीट से सुनकर विधानसभा पहुंचे।

फिर सपा से भी हो गया मोहभंग
दारा सिंह चौहान भाजपा पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए 2022 में समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए थे। लेकिन यह रिश्ता ज्यादा दिन टिक नहीं पाया। जुलाई 2023 में उन्होंने सपा से इस्तीफा दे दिया और फिर भाजपा में शामिल हो गए। अब उन्हें योगी कैबिनेट में एक बार फिर जगह मिल गई है। वह 2017 में भी योगी कैबिनेट में वन एवं पर्यावरण मंत्री थे।

Also Read