Lucknow News : मुस्लिम समुदाय के अधि​कार छीनना चाहती है भाजपा, ​अखिलेश यादव बोले- सपा वक्फ बोर्ड संशोधन बिल का करेगी विरोध

UPT | जनेश्वर मिश्रा पार्क में मीडिया से बातचीत करते अखिलेश यादव

Aug 05, 2024 14:45

सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने बिना नाम लिए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, केन्द्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल पर निशाना साधा। नजूल संप​त्ति विधेयक को लेकर सीएम योगी को भी घेरा और वक्फ बोर्ड एक्ट में संशोधन के विरोध का ऐलान किया।

Short Highlights
  • नजूल संप​त्ति विधेयक और गोमती नगर की घटना पर सीएम योगी को घेरा 
  • केशव मौर्य को फिर बताया स्टूल किट मंत्री

 

Lucknow News : समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव सोमवार को गोमती नगर स्थित जनेश्वर मिश्रा पार्क पहुंचे। जहां उन्होंने सपा के संस्थापक सदस्य रहे जनेश्वर मिश्रा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान अखिलेश यादव ने भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने बिना नाम लिए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, केन्द्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल पर निशाना साधा। नजूल संप​त्ति विधेयक, गोमती नगर की घटना को लेकर सीएम योगी को भी घेरा और वक्फ बोर्ड एक्ट में संशोधन के विरोध का ऐलान किया।​

जनता ने भाजपा से सभी उम्मीदें छोड़ दीं
अखिलेश यादव ने कहा कि जनता ने भाजपा से सभी उम्मीदें छोड़ दी हैं। जब जनता की किसी पार्टी से उम्मीद खत्म हो जाए तो उसका सफाया तय होता है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा का यूपी में जो हश्र हुआ वो सबके सामने है। आने वाले समय में इनकी इससे भी बुरी​ स्थिति होगी। उन्होंने वक्फ बोर्ड संशोधन बिल का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा मुस्लिम समाज के सभी अधि​कार छीनना चाहती है। नजूल वक्फ बोर्ड संशोधन बिल और भूमि विधेयक इसका ताजा उदाहरण हैं। सपा वक्फ बोर्ड संशोधन बिल का विरोध करेगी।

सीएम योगी पर साधा निशाना
अखिलेश ने कहा हमारे मुख्यमंत्री को पता चला कि नजूल उर्दू शब्द है। अधिकारी समझते रहे नजूल का मतलब कुछ और है लेकिन मुख्यमंत्री को लगा कि ये मुसलमान की जमीन है। इसलिए पूरा बप्रयागराज खाली कराने में जुट गए। गोरखपुर में भी यही कर रहे हैं, लेकिन गोरखपुर में कुछ उनका अपना स्वार्थ आ गया। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकसभा चुनाव से पहले समाजवादियों को बदनाम करने षड्यंत्र कर रही है। खासकर मुसलमान को लेकर भाजपा की सोच असंवैधानिक है। जो संविधान पर भरोसा नहीं करता वह योगी नहीं हो सकता।

अनुप्रिया पटेल पर कसा तंज
सपा प्रमुख ने बिना नाम लिए अनुप्रिया पटेल पर तंज कसते हुए कहा कि केन्द्र की एक मंत्री चिल्ला रही हैं कि आरक्षण खत्म हो गया। सरकार में रहेंगी और आरक्षण खत्म होन का ढिंढोरा भी पीट रही हैं। उन्हें आरक्षण की इतनी ही चिंता है तो भाजपा से अलग हो जाएं। भाजपा के जितने भी पिछड़ें, द​लित, आदिवासी और अल्पसंख्यक भाई बहन हैं, जिन्हें आर​क्षण की चिंता है उन्हें तत्काल भाजपा को छोड़ देना चाहिए।

स्टूल किट नेता का खत्म करना पड़ेगा ऑफर
अखिलेश यादव ने उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य पर निशाना साधते हुए कहा कि एक स्टूल किट नेता बहुत किट-किट कर रहे हैं। मुझे इनका ऑफर खत्म करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि स्टूल किट मंत्री उधार पर बैठे हुए हैं। इन्हें इधर-उधर की बातें करने के बजाय जातिगत जनगणना और आरक्षण की बात करनी चाहिए।

हाथरस और गोमती नगर की घटना पर भाजपा पर वार
अखिलेश यादव ने हाथरस भगदड़ घटना, गोमती नगर में जलभराव के दौरान महिला से छेड़छाड़ और राहगीरों से दुर्व्यवहार की घटना का जिक्र कर भाजपा को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि हाथरस में प्रशासन की लापरवाही से बड़ी संख्या में लोगों की जान चली गई। गोमती नगर की घटना के आरोपितों में मुख्यमंत्री ने केवल यादव और मुस्लिम का नाम क्यों लिया। जबकि आरोपितों की सूची बहुत लंबी थी। पुलिस को यादव मिल गया, इसलिए उसे जेल भेज दिया। ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी जो वर्दी पहन भाजपा के कार्यकर्ता बनकर कम कर रहे हैं।

कन्नौज की घटना का किया जिक्र 
सपा मुखिया ने कन्नौज में दलित समाज की बेटी के साथ घटना का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पुलिस और भाजपा के लोगों ने मिलकर एक झूठी कहानी बनाई। दलित परिवार की बेटी को पेड़ पर लटका कर बताया कि उसने आत्महत्या की है। उसका पोस्टमार्टम तक नहीं करवाया गया। पोस्टमार्टम वहां के भाजपा के नेता की वजह से नहीं हुआ। उस बेटी का पोस्टमार्टम करवाया जाए। घटना में शामिल बीजेपी कार्यकर्ता और नेता के यहां भी बुलडोजर चलाया जाए।

चिकित्सा व्यवस्था पर उठाए सवाल
इससे पहले अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया साइड एक्ट पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा, 'ये है भाजपा के झूठे विकास के दावों की पोल खोलती ‘अयोध्या के ज़िला अस्पताल’ की दिल दहला देने वाली तस्वीर, जिसमें हृदय-पीड़ा से कराहती-बिलखती महिला को न इलाज मिला, न भर्ती का कोई आश्वासन। भाजपा राज में चिकित्सा व्यवस्था भी इसी तरह बिलख रही है। यही भाजपा की सबसे बड़ी हार है कि जनता ने भाजपा से उम्मीद करना छोड़ दिया है। जनता को लगता है भाजपा सिर्फ़ चुनाव जीतने के लिए गलत हथकंडों के इंतज़ाम में और सियासी साज़िशों व सत्ता हाथ में आने के बाद भ्रष्टाचार और जनता से पैसा उगाहने के नये-नये तरीक़े निकालने में ही जुटी रहती है। अब ‘जनता’ भारतीय जनता पार्टी के सिर्फ़ नाम में ही है, काम में नहीं।''

Also Read