सीएम योगी सहित दोनों डिप्टी सीएम ने फिर ली भाजपा की सदस्यता : इस वजह से है बेहद जरूरी, जानें नियम

UPT | भाजपा सदस्यता अभियान

Sep 03, 2024 13:57

प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि हमारी ताकत हमेशा हमारे कार्यकर्ता रहे हैं। अपने कार्यकर्ताओं के दम पर हम लगातार आगे बढ़ रहे हैं। भाजपा सरकार में हर वर्ग को समान रूप से कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है।

Lucknow News :  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक सहित भाजपा के अन्य बड़े नेताओं और पदाधिकारियों ने मंगलवार को एक बार फिर पार्टी की सदस्यता ली। प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने उन्हें भाजपा की सदस्यता दिलाई। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश में भाजपा का सदस्यता अभियान प्रारंभ हो गया। इस मौके पर प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह और राज्य सभा सदस्य डॉ. दिनेश शर्मा को भी पुन: पार्टी की सदस्यता दिलाई गई।​ यह अभियान पहले चरण में 25 सितंबर तक चलेगा। भाजपा केंद्रीय नेतृत्व की ओर से लक्ष्य दिया गया है कि जितने भी वोट राज्य में पार्टी को मिले हैं, उसके 75 प्रतिशत लोगों को साधारण सदस्य बनना है। इसलिए यूपी भाजपा ने प्रत्येक बूथ पर 200-200 सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया है। अभियान का प्रारंभ सोमवार को नई दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ​ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह को पार्टी की सदस्यता दिलाकर किया। इसी तर्ज पर यूपी में भाजपा नए सदस्य बनाने में जुट गई है।

प्रत्येक बूथ पर बनाए जाएंगे न्यूनतम 200 सदस्य
लखनऊ के विश्वेश्वरैया सभागार में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि भाजपा का सदस्यता अभियान प्रारंभ हो चुका है। पहले चरण का अभियान 2 सितंबर से 25 सितंबर और दूसरे चरण का अभियान एक अक्तूबर से 15 अक्तूबर तक चलेगा। इसके बाद तीसरे चरण में सक्रिय सदस्य बनाए जाएंगे। हमारी ताकत हमेशा हमारे कार्यकर्ता रहे हैं। अपने कार्यकर्ताओं के दम पर हम लगातार आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में हर वर्ग को समान रूप से कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। आज हम लोगों की आकांक्षाओं को पूरा कर रहे हैं। भारत आज विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर बढ़ रहा है। हमने अनुच्छेद 370, 35 ए और तीन तलाक जैसे विषयों पर काम किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को लक्ष्य देते हुए कहा कि हमें प्रत्येक बूथ पर कम से कम 200 सदस्य बनाने हैं।

विचारधारा के बल पर बढ़ रहे आगे
भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है। जनसंघ से लेकर भाजपा तक हमारे अभियान लगातार जारी है। लोग हमारी विचारधारा पर आरोप लगाते रहे पर हम आगे बढ़ते रहे। आज कश्मीर से कन्याकुमारी तक भाजपा का संगठन है। दक्षिण भारत में भी हमने अच्छा प्रदर्शन किया है और मजबूत ताकत बनकर उभरे हैं।

सीएम योगी बोले- दल से बढ़कर देश
इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता कह सकता है कि दल से बढ़कर देश है। 18 करोड़ सदस्यों वाले दुनिया के सबसे बड़े दल के रूप में हमें सबसे अधिक सक्रिय सदस्य बनाने के लक्ष्य को पूरा करना है। लोक कल्याणकारी कार्यक्रम, सरकारी या निजी कार्यक्रम के माध्यम से आम जन तक भाजपा की पहुंच आसान बनाना है।

सपा, बसपा और कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं : केशव प्रसाद मौर्य
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सपा, बसपा और कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है। ये पार्टियां दुष्प्रचार का सहारा लेती हैं। टोल-फ्री नंबर 8800002024 पर मिस्ड-कॉल देकर या नमो एप के जरिए या रेफरल कोड का उपयोग करके पार्टी की सदस्यता ग्रहण करें और दूसरों को भी सदस्यता ग्रहण कराएं।

ब्रजेश पाठक बोले- भाजपा किसी के जेब के हिसाब से नहीं चलती
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि हमारे पास श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीन दयाल उपाध्याय की विरासत है। भारतीय जनता पार्टी किसी के जेब के हिसाब से नहीं चलती। विपक्षी पार्टियां प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की तरह काम करती हैं। कार्यक्रम में मौजूद सभी सदस्यों को एक साथ नंबर डायल कर सदस्यता दिलाई गई।  

तीसरे चरण में शुरू होगा सक्रिय सदस्यता अभियान
विश्व की सबसे बड़ी पार्टी होने के दावे के साथ एक बार फिर सदस्‍यता अभियान की शुरुआत करने वाली भाजपा नियमित रूप से इस अभियान को चलाती है। पार्टी हर छह साल पर ऐसा करती है। अभियान के तहत नए सदस्‍य बनाने के साथ ही पार्टी मेंबरशिप रिन्‍यू भी होती है। सबको पार्टी का सदस्‍य बनाया जाता है। पहले और दूसरे चरण के बाद तीसरा चरण सक्रिय सदस्य बनने के लिए होगा। पार्टी संविधान के अनुसार सक्रिय सदस्य ही संगठन का चुनाव लड़ सकते हैं।

Also Read