सीएम योगी ने दी रक्षाबंधन की बधाई : कहा- भाई-बहन के स्नेह के साथ भारत की गुरु-शिष्य परपंरा का त्योहार

UPT | मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।

Aug 20, 2024 00:19

सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने बधाई संदेश में कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के पारस्परिक प्रेम, स्नेह व विश्वास का त्योहार है। यह पर्व कर्तव्य, आत्मीयता, त्याग, सामाजिक एकता व सद्भाव की भावना का प्रतीक है।

Lucknow News : रक्षाबंधन के पवित्र त्योहार पर उमंग का माहौल देखने को मिल रहा है। राखी और मिठाई की दुकानों पर सुबह से भीड़ है। बहनें शुभ मुहूर्त में भाई को राखी बांधेंगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित अन्य नेताओं ने रक्षाबंधन पर्व पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी है। 

समाज में प्रेम और भाईचारा बढ़ाने वाला पर्व 
सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने बधाई संदेश में कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के पारस्परिक प्रेम, स्नेह व विश्वास का त्योहार है। यह पर्व कर्तव्य, आत्मीयता, त्याग, सामाजिक एकता व सद्भाव की भावना का प्रतीक है। रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक पर्व तो है ही, यह भारत की गुरु-शिष्य परपंरा का त्योहार भी है। यह समाज में प्रेम और भाईचारा बढ़ाने का कार्य भी करता है। यह दान के महत्व को प्रतिष्ठित करने वाला पावन त्योहार है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि यह पर्व आप सभी के जीवन में सौभाग्य लाए, समाज में सद्भाव, सौहार्द व सहयोग की भावना और अधिक सशक्त हो, प्रभु श्री राम से यही प्रार्थना है।

उपमुख्यमंत्रियों ने दी पावन पर्व पर बधाई
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाई-बहन के असीम प्रेम, अटूट विश्‍वास एवं समर्पण के प्रतीक पावन पर्व रक्षाबंधन की समस्‍त देश व प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। मेरी कामना है कि यह पावन पर्व सभी के जीवन में प्रेम व मान-सम्‍मान और खुशियों की वृद्धि करें। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी रक्षाबंधन पर्व पर प्रदेशवासियों को बधाई दी। 

मायावती ने की महिलाओं का मान-सम्मान बढ़ने की कामना 
बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने अपने संदेश में कहा कि समस्त देशवासियों को रक्षाबंधन के त्योहार की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। देश की सभी महिलाओं का मान-सम्मान बढ़े, यही कुदरत से कामना है। समाजवादी पार्टी की ओर से कहा गया कि समस्त देशवासियों को रक्षाबंधन के पावन पर्व की हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं।

रक्षाबंधन पर रोडवेज बसों में महिलाओं को नि:शुल्क सफर की सुविधा
रक्षाबंधन पर्व पर सभी महिलाएं रोडवेज की बसों में नि:शुल्क सफर कर रही हैं। ये सुविधा  18 अगस्त की रात 12 बजे से लागू हो गई है, जो 19 अगस्त को रात 12 बजे तक रहेगी। इसके अलावा सिटी बसों में भी महिलाओं को रक्षाबंधन पर्व पर नि:शुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की गई है। 

भद्रा के कारण दोपहर बाद बहनें बांधेंगी राखी
राखी के त्योहार के दौरान भद्रा का साया है, जिससे राखी बांधने का समय इस बार देरी से है। भद्रा काल में रक्षाबंधन मनाना अशुभ माना जाता है। इस कारण जब भी भद्रा काल पड़ता है तो बहनें शुभ मुहूर्त में ही राखी बांधती हैं। इस बार भद्राकाल 19 अगस्त 2024 को दोपहर 1:30 पर समाप्त होगा। इसलिए इसके बाद ही बहनें अपने भाई की कलाई पर राखी बांधेंगी। 

Also Read