Lucknow News : शहर में वक्त पर नहीं उठ रहा कूड़ा, खुले में गंदगी फैलने से बढ़ रही बीमारियां

UPT | सड़क पर फैला खुले में कूड़ा

Sep 09, 2024 13:40

अमीनाबाद में न सिर्फ लखनऊ बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश से लोग खरीदारी करने आते हैं। शादी समारोह की खरीदारी यहां आए बिना पूरी नहीं होती। कान की बाली से लेकर दुल्हन का लहंगा और दूल्हे की शेरवानी, सूट सभी यहां मिलता है। इसके बावजूद इस महत्वपूर्ण बाजार की दशा सुधारने को नगर निगम के जिम्मेदारों की नजर नहीं पड़ रही है।

Lucknow News : स्मार्ट सिटी में सफाई को लेकर व्यवस्था पुराने ढर्रे पर ही चल रही है। शहर में कई इलाकों में गंदगी का ढेर है और कूड़ा निस्तारण नहीं हो पा रहा है। मेयर सुषमा खर्कवाल से लेकर नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह आए दिन निरीक्षण कर मातहतों को निर्देश दे रहे हैंं। शहर के मोहल्ले दर मोहल्ला निरीक्षण किए जा रहे हैं और राजधानी को स्वच्छ व साफ सुथरा बनाने का प्रयास किया जा रहा है। लेकिन, लापरवाह कर्मचारियों के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही है। ये शहर की स्वच्छता पर धब्बा लगाने में जुटे हैं। शहर के सबसे अहम बाजारों में शुमार अमीनाबाद भी नगर निगम कर्मचारियों की लापरवाही के कारण गंदगी का ढेर में तब्दील होता जा रहा है।

अमीनाबाद में सबसे ज्यादा उमड़ती है भीड़
अमीनाबाद में न सिर्फ लखनऊ बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश से लोग खरीदारी करने आते हैं। शादी समारोह की खरीदारी यहां आए बिना पूरी नहीं होती। कान की बाली से लेकर दुल्हन का लहंगा और दूल्हे की शेरवानी, सूट सभी यहां मिलता है। इसके बावजूद इस महत्वपूर्ण बाजार की दशा सुधारने को नगर निगम के जिम्मेदारों की नजर नहीं पड़ रही है। नियम के तहत शहर में सुबह झाड़ू लगाने के बाद कूड़ा उठा लिया जाता है। लेकिन, अमीनाबाद की गलियों में पूरे दिन कूड़ा डंप रहता है। इससे स्थानीय व्यापारियों सहित आने वाले लोग परेशान हो रहे हैं।

मानसून में हालात और हुए बदतर
स्थानीय निवासी शान हुसैन ने उत्तर प्रदेश टाइम्स को बताया कि अमीनाबाद के जनाना पार्क के पास लोग कूड़ा डंप करते हैं। वैसे तो खुले में कूड़ा डालना ही गलत है। लेकिन, नगर निगम ऐसे लोगों पर अंकुश नहीं लगा रहा है। साथ ही यह कूड़ा लंबे समय तक ऐसे ही पड़ा रहता है और यहां से गुजरने वालों को बदबू और मच्छरों का सामना करना पड़ता है। शान ने बताया कि महिला कालेज और अमीनाबाद इंटर कालेज के छात्र व छात्राएं भी इस रास्ते से गुजरते हैं, जिससे उनको आए दिन दुश्वारियों का सामना करना पड़ता है। शान ने बताया कि बरसात के मौसम में गंदगी से मच्छर जनित रोक फैलने का खतरा बढ़ गया है। रिहायशी इलाके में कई लोग इससे बीमार होकर डॉक्टर से इलाज करा रहे हैं। कुछ तो अस्पताल तक भर्ती हो चुके हैं। नगर निगम के जोन एक के अंतर्गत यह इलाका अधिकारियों और नगर निगम प्रशासन की लापरवाही के कारण गंदगी से पटा हुआ है।

Also Read