हरदोई में कांग्रेस जिला अध्यक्ष का आरोप : अतिक्रमण अभियान में प्रशासन ने किया भेदभाव

UPT | प्रेस वार्ता के दौरान जिला अध्यक्ष

Sep 09, 2024 23:21

हरदोई में आज कांग्रेस दफ्तर पर जिलाध्यक्ष ने प्रेस वार्ता कर जिला प्रशासन पर संगीन इल्जाम लगाए है। कांग्रेस पार्टी के हरदोई अध्यक्ष आशीष सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रशासन द्वारा चलाये जा रहे भेदभावपूर्ण अतिक्रमण अभियान में सत्तापक्ष से जुड़े रसूखदारों को छूट दिए जाने और जो गरीब, आम नागरिक व छोटे व्यापारी है उन्हें परेशान किया जा रहा है.....

Hardoi News : कांग्रेस पार्टी के हरदोई जिला अध्यक्ष आशीष सिंह ने जिला प्रशासन पर अतिक्रमण हटाओ अभियान में भेदभावपूर्ण रवैया अपनाने का गंभीर आरोप लगाया है। सोमवार को कांग्रेस दफ्तर में आयोजित प्रेस वार्ता में आशीष सिंह ने कहा कि प्रशासन अतिक्रमण अभियान के नाम पर गरीब और छोटे व्यापारियों को परेशान कर रहा है, जबकि सत्ताधारी पार्टी से जुड़े रसूखदारों को छूट दी जा रही है। 

आशीष सिंह का कहना है कि अतिक्रमण हटाओ अभियान में बड़े व्यापारिक प्रतिष्ठानों और प्रभावशाली लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिससे साफ पता चलता है कि यह अभियान भेदभावपूर्ण तरीके से संचालित हो रहा है। उन्होंने विशेष रूप से शहर के कुछ इलाकों का हवाला देते हुए कहा कि प्रशासन ने रोस्टर में बड़े चौराहे से रामदत्त चौराहे तक की सड़क को अतिक्रमण अभियान से बाहर रखा है। 

नाला निर्माण में भी धांधली के आरोप
कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने नुमाइश चौराहे पर चल रहे नाला निर्माण का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि नुमाइश चौराहे पर नन्हे हलवाई के सामने पुराना नाला दुकानदारों को कब्जा करवा कर हटाया गया और नया नाला बनाया गया। इस संदर्भ में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को मौखिक रूप से कई बार जानकारी दी गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। यह पूरा मामला प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारियों के संज्ञान में होने के बावजूद, अतिक्रमण हटाने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

अतिक्रमण पर नहीं गरजा बुलडोजर
आशीष सिंह ने यह भी सवाल उठाया कि प्रशासन का बुलडोजर केवल छोटे व्यापारियों पर ही क्यों गरजता है? विजय इलेक्ट्रॉनिक्स और पूजा होटल जैसे व्यापारिक प्रतिष्ठानों के बाहर अतिक्रमण के बावजूद, नगर पालिका का बुलडोजर वहां कार्रवाई करने से पीछे हट रहा है। 

लखनऊ रोड पर नहीं हो रही कार्रवाई
उन्होंने लखनऊ रोड पर सिनेमा चौराहे से लखनऊ चुंगी तक की सड़कों पर हो रहे अतिक्रमण का भी जिक्र किया। सिंह ने कहा कि फूल चंद गारमेंट, फूल चंद मार्केट और अन्य कई प्रतिष्ठानों ने नाले और सड़क पटरी पर अवैध कब्जा कर रखा है, लेकिन प्रशासन द्वारा उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। इसके अलावा, लखनऊ चुंगी से बिलग्राम चुंगी के बीच अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान कान्हा लान और रंगोली गार्डन जैसे प्रतिष्ठानों को भी नजरअंदाज किया गया है।

भाजपा से जुड़े व्यापारियों को छूट का आरोप
कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने सीधे तौर पर प्रशासन पर आरोप लगाया कि अतिक्रमण अभियान में भाजपा से जुड़े रसूखदार व्यापारियों को जानबूझकर छूट दी जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का यह भेदभावपूर्ण रवैया गरीब और आम नागरिकों के प्रति अन्याय है और इस पर तत्काल ध्यान दिया जाना चाहिए। आशीष सिंह ने प्रशासन से मांग की है कि अतिक्रमण हटाओ अभियान निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से चलाया जाए ताकि किसी भी वर्ग के साथ भेदभाव न हो और सभी के खिलाफ समान रूप से कार्रवाई हो।

Also Read