Lucknow Crime : वृद्ध महिला से चेन छीनने वाले दो शातिर लुटेरे गिरफ्तार, ऐसे चढ़े पुलिस के हत्थे

UPT | वृद्ध महिला से चेन छीनने वाले दो शातिर लुटेरे गिरफ्तार।

Sep 16, 2024 18:01

सुबह टहलने निकली वृद्ध महिला से चेन छीनने के मामले में पुलिस ने दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। पीड़ित महिला के पुत्र ने गुडम्बा थाने में इस सम्बन्ध में रिपोर्ट दर्ज करायी थी।

Lucknow News: जानकीपुरम में बीते दिनों सुबह टहलने निकली वृद्ध महिला से चेन छीनने के मामले में पुलिस ने दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। पीड़ित महिला के पुत्र ने गुडम्बा थाने में इस सम्बन्ध में रिपोर्ट दर्ज करायी थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पहचान कर दोनों लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया।

सुबह टहलने निकली महिला से छीनी थी चेन
अपर पुलिस उपायुक्त उत्तरी जितेन्द्र दुबे ने सोमवार को बताया कि जानकीपुरम सेक्टर एच में सहारा स्टेट रोड पर सुबह टहलने निकली वृद्धा महिला मोहिनी मिश्रा से मोटरसाइकिल सवार दो बदमाश चेन छीनकर फरार हो गए थे। वृद्धा ने शोर मचाया और बदमाशों का पीछा भी किया लेकिन मोटरसाइकिल सवार मौके से फरार हो गये। वृद्धा से चेन छीनने की यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी थी। पीड़ित महिला के पुत्र की तहरीर पर गुडम्बा थाने में रिपोर्ट दर्ज की गयी थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर नदीम और मोहम्मद आसिफ खान को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने महिला से लूट का अपराध स्वीकार किया है। 

ऐसे हुई थी वारदात 
जानकीपुरम सेक्टर एच में रहने वाली मोहिनी मिश्रा (56) रोजाना की तरह 11 सितम्बर की  सुबह घर से टहलने के लिए निकली थीं। जब मोहिनी पहाड़पुर चौराहा, कुर्सी रोड से होकर सहारा स्टेट की ओर जा रही थीं। तभी नवीन मार्ट के सामने पीछे से वहां पर बाइक सवार दो युवक पहुंचे। उसमें एक बाइक पर बैठा हुआ था और दूसरा युवक मोहिनी के पीछे जाकर तेजी से चेन और लॉकेट छीन लेता है। इसके बाद आगे बाइक पर बैठे अपने साथी के साथ मौके से भाग निकलता है। मोहिनी मिश्रा के साथ चेन छीनने की यह पूरी वारदात नवीन मार्ट के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी। घटना के बाद डरी-सहमी मोहिनी घर पहुंची और परिजनों को पूरी बात बतायी।

Also Read