यूपी में दौड़ रही 250 एएलएस एंबुलेंस : साढ़े तीन लाख मरीजों को गोल्डन ऑवर में उपलब्ध हुई चिकित्सा सेवाएं

UPT | CM Yogi Adityanath

Sep 16, 2024 19:45

यूपी में तीन वर्षों में 3 लाख 60 हजार 584 मरीजों को मुफ्त एएलएस एंबुलेंस सेवा मिली। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की मिशन निदेशक डॉ. पिंकी जोवल ने बताया की सरकार ने राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए कई अहम कदम उठाए।

Lucknow News : चिकित्सा विशेषज्ञों का मानना है कि अगर आपातकालीन स्थिति में मरीजों को सही समय पर इलाज मिल जाए, तो कई जिंदगियां बचाई जा सकती हैं। इसमें सबसे महत्वपूर्ण भूमिका गंभीर स्थिति वाले मरीजों को समय पर एंबुलेंस सेवा उपलब्ध कराने की होती है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने वर्ष 2021 में एडवांस लाइफ सपोर्ट (एएलएस) एंबुलेंस सेवा शुरू की। अब तक इस सेवा के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न जिलों से साढ़े तीन लाख से अधिक मरीजों को बड़े चिकित्सा संस्थानों में स्थानांतरित कर उनकी जान बचाई गई है। इनमें गंभीर रोगी, श्वसन संबंधी समस्याओं वाले मरीज और दुर्घटना से पीड़ित व्यक्ति शामिल हैं।

250 एएलएस एंबुलेंस दे रहे सेवाएं
यूपी में तीन वर्षों में 3 लाख 60 हजार 584 मरीजों को मुफ्त एएलएस एंबुलेंस सेवा मिली। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की मिशन निदेशक डॉ. पिंकी जोवल ने बताया की सरकार ने राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए कई अहम कदम उठाए। इसी के तहत अगस्त 2021 में यूपी के छोटे और दूरदराज के इलाकों के गंभीर रूप से बीमार मरीजों को 'गोल्डन ऑवर' के भीतर उचित चिकित्सा सहायता प्रदान करने के लिए एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस सेवा शुरू की गई। वर्तमान में 250 एएलएस एंबुलेंस प्रदेशभर में सेवा दे रही हैं, जिससे मरीजों को प्रमुख चिकित्सा संस्थानों जैसे एसजीपीजीआई, एम्स, केजीएमयू और लोहिया संस्थान में भेजा जा रहा है। 

गोल्डन ऑवर के भीतर मिल रहा उपचार 
रेस्पिरेटरी मामलों में 71 हजार 238 मरीजों को मिला लाभ, एएलएस सेवा के तहत 63 हजार 448 सड़क दुर्घटनाओं के पीड़ित, 17 हजार 218 गर्भवती महिलाएं और 71 हजार 238 श्वसन संबंधी समस्याओं वाले मरीजों को लाभ मिला। इसके साथ अन्य रोगियों जैसे वन्यजीव संघर्ष में घायल और विषैले जानवरों के काटने से प्रभावित मरीजों को भी इस सेवा का लाभ दिया गया। 108 और 102 एंबुलेंस सेवाएं भी मुफ्त में मरीजों को एंबुलेंस सेवा उपलब्ध करा रही हैं, जिससे प्रतिदिन 57 हजार से अधिक मरीज लाभान्वित हो रहे हैं।

एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस के लाभ
  • एएलएस एंबुलेंस आधुनिक चिकित्सा उपकरणों से सुसज्जित होती है।
  • गंभीर मरीजों की देखभाल के लिए प्रशिक्षित पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद होता है।
  • टेलीमेडिसिन के जरिए आवश्यकता पड़ने पर डॉक्टरों से ऑनलाइन सलाह की सुविधा होती है।
  • वेंटिलेटर, हार्ट मॉनिटर और अन्य जीवनरक्षक उपकरणों से लैस होती है।
  • ईसीजी और अन्य उन्नत उपकरण भी एंबुलेंस में उपलब्ध होते हैं।

Also Read