बाढ़ आपदा की आशंका: प्रशासन अलर्ट पर, डीएम ने लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की

UPT | बाढ़ आपदा की आशंका।

Sep 13, 2024 20:10

शारदा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे बाढ़ की आशंका पैदा हो गई है। इस स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी ने प्रशासन को पूरी तरह से सतर्क कर दिया है। डीएम ने बाढ़ प्रबंधन और जन-जीवन की सुरक्षा के लिए सभी उप जिलाधिकारियों, एसडीएम, लेखपालों और राजस्व अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश दिए हैं।

lakhimpur kheri News : शारदा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे बाढ़ की संभावित विभीषिका की आशंका पैदा हो गई है। इस स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी (डीएम) दुर्गा शक्ति नागपाल ने प्रशासन को पूरी तरह से सतर्क कर दिया है। डीएम ने बाढ़ प्रबंधन और जन-जीवन की सुरक्षा के लिए सभी उप जिलाधिकारियों, एसडीएम, लेखपालों और राजस्व अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश दिए हैं। प्रशासन का प्रमुख उद्देश्य संभावित बाढ़ क्षेत्रों में रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना है।

नदी किनारे रहने वालों को दी गई चेतावनी
डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने सभी बाढ़ चौकियों को अलर्ट कर दिया है और सभी अधिकारियों को नदी किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जनता से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, बल्कि प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए खुद को सुरक्षित करें। डीएम ने कहा कि प्रशासन हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है और जनता की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

गांव-गांव में की जा रही मुनादी
प्रशासन द्वारा शारदा नदी के पास के गांवों में लगातार मुनादी करवाई जा रही है। विशेष रूप से उन गांवों में, जहां जलस्तर बढ़ने की संभावना है, वहां के लोगों को ऊंचे स्थानों पर शरण लेने की सलाह दी जा रही है। एसडीएम अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं। प्रशासन ने ग्रामीणों को नदी के किनारे न जाने और नाव या किसी भी जलयान का प्रयोग न करने की चेतावनी दी है।

बनबसा बैराज से छोड़ा गया 4.61 लाख क्यूसेक पानी
एसडीएम पलिया कार्तिकेय सिंह ने जानकारी दी कि बनबसा बैराज से 4.61 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है, जिसके कारण पलिया तहसील के गोविंदनगर और भानपुरी खजुरिया के गांवों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। इन क्षेत्रों के निवासियों से अपील की गई है कि वे ऊंचे स्थानों पर शरण लें और किसी भी तरह की असावधानी न बरतें।

अभी और पानी छोड़े जाने की संभावना
अधिशाषी अभियंता (बाढ़खंड) शारदा नगर अजय कुमार ने बताया कि नेपाल और उत्तराखंड में हो रही भारी बारिश के कारण बनबसा बैराज से और अधिक पानी छोड़े जाने की संभावना है। शारदा बैराज पर अगले 30-35 घंटों में इसका असर दिखाई देगा, जिससे शारदा नदी में करीब 3 लाख क्यूसेक पानी प्रवाहित होने की उम्मीद है। इसके साथ ही घाघरा नदी में भी जलस्तर बढ़ रहा है, जिससे निचले क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति कई दिनों तक बनी रह सकती है।

सतर्कता और सावधानी जरूरी
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन के साथ संपर्क बनाए रखें। लगातार बारिश और बढ़ते जलस्तर के चलते जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है, इसलिए सावधानी बरतने की आवश्यकता है। 

Also Read