Lucknow News : अवैध निर्माण पर एलडीए का एक्शन, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और मैरिज हॉल किए सील

UPT | लखनऊ विकास प्राधिकरण।

Jul 04, 2024 00:54

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी के निर्देश पर शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के क्रम में प्रवर्तन जोन-5 की टीम ने बड़ा एक्शन लिया। इसके अंतर्गत जानकीपुरम में अवैध रूप से निर्मित किये जा रहे दो शॉपिंग कॉम्पलेक्स को सील किया गया।

Lucknow News : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में तेजी से बहुमंजिला इमारतें खड़ी हो रही हैं। इनमें अधिकतर मानक के विपरीत और बिना नक्शा पास कराए बनाई गई हैं। अधिकारियों की सांठगांठ और बिल्डिरों के रसूख के चलते अवैध निर्माण बेहद तेजी से शहर में बढ़ते चले जा रहे हैं। लखनऊ विकास प्राधिकरण को ढेरों शिकायतें मिलने के बाद अधिकारियों की नींद खुलती है और टीम एक्शन लेती है। लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-5 की टीम ने शहर के दो शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और मैरिज हॉल को अवैध निर्माण मानते हुए सील कर सख्ती दिखाई है।

जानकीपुरम में दो अवैध शॉपिंग कॉम्पलेक्स सील
लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी के निर्देश पर शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के क्रम में प्रवर्तन जोन-5 की टीम ने बड़ा एक्शन लिया। इसके अंतर्गत जानकीपुरम में अवैध रूप से निर्मित किये जा रहे दो शॉपिंग कॉम्पलेक्स को सील किया गया। वहीं, इंदिरा नगर में दो अवैध मैरिज हॉल पर भी सील किए गए। प्रवर्तन जोन-5 के जोनल अधिकारी राजकुमार ने बताया कि पवन आनंद व उनके साथियों द्वारा जानकीपुरम के सेक्टर-एच में भूखण्ड संख्या-4/760 पर लगभग 200 वर्गमीटर क्षेत्रफल में भूतल व प्रथम तल पर अवैध रूप से दुकानों, हॉल व कार्यालय हेतु चौम्बर आदि का निर्माण कराया गया था। इसके अलावा संजय मिश्रा व अन्य द्वारा जानकीपुरम में साठ फिटा रोड पर भारत पेट्रोलियम के बगल में लगभग 6000 वर्गफिट क्षेत्रफल के भूखण्ड पर लोअर ग्राउंड फ्लोर, अपर ग्राउंड फ्लोर, प्रथम तल व द्वितीय तल पर दुकानों, हॉल व ममटी आदि का निर्माण करवाया जा रहा था। प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराये बिना अवैध रूप से किये जा रहे इन दोनों व्यावसायिक निर्माणों के विरुद्ध विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए सीलिंग के आदेश पारित किए गए थे।

इंदिरा नगर में दो मैरिज हॉल सील
इसी के साथ कुसुम सिंह व उनके लोगों द्वारा इंदिरा नगर में जरहरा रोड पर लगभग 8000 वर्गफिट क्षेत्रफल के भूखण्ड पर मैरिज हॉल का निर्माण करवाया जा रहा था। वहीं, विनोद कुमार त्रिपाठी व अन्य द्वारा इंदिरा नगर के तकरोही में पेट्रोल पम्प के पास लगभग 4000 वर्गफिट भूखण्ड क्षेत्रफल में चार मंजिला मैरिज हॉल का निर्माण करवाया जा रहा था। प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराये बिना अवैध रूप से किये जा रहे इन दोनों निर्माणों को प्रवर्तन टीम द्वारा पूर्व में सील किया गया था। वर्तमान में स्थल पर निर्माण कार्य प्रचलित मिलने पर पुनः कार्यवाही के आदेश दिये गये थे। इसके अनुपालन में सहायक अभियंता प्रवीण कुमार के नेतृत्व में अवर अभियंता सुरेन्द्र द्विवेदी, सरोज कुमार व शिव कुंवर द्वारा प्राधिकरण पुलिस व स्थानीय थाने के पुलिस बल के सहयोग से उक्त चारों अवैध निर्माणों को सील कर दिया गया।

Also Read