बारिश में जलभराव पर लोगों का फूटा गुस्सा: मंत्री सुरेश खन्ना के सामने कीचड़ में बैठकर शख्स ने जताई नाराजगी

UPT | लखनऊ में निरीक्षण करते कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना

Jul 05, 2024 15:03

बारिश को लेकर जलभराव की समस्या के मद्देनजर कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना ने प्रभारी मंत्री के रूप में प्रातः लखनऊ के चार वार्डों चंद्रभानु गुप्त, गुरु गोविन्द सिंह, बाबूकुंज बिहारी और गीता पल्ली का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सफाई व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया और लोगों से बातचीत की।

Short Highlights
  • राजधानी में कई वार्ड का किया निरीक्षण, लोगों से की बातचीत
  • शहर के कई इलाके थोड़ी बारिश में बने तालाब, नगर निगम के दावे फेल
Lucknow News: मानसून के सक्रिय होने के साथ ही जहां तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, वहीं जलभराव की समस्या ने राजधानीवासियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। नगर निगम के तमाम दावों के बावजूद शुरुआती बारिश में ही शहर के कई इलाकों में सड़कों से लेकर घरों में पानी भरने की शिकायतें सामने आई हैं। प्रमुख सचिव नगर विकास अमृत अभिजात से लेकर नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह स्वयं लगातार बड़े नालों का निरीक्षण कर सफाई और अतिक्रमण हटाने का जायजा ले रहे हैं। लेकिन, स्थिति में सुधार नहीं हो रहा है। वहीं शुक्रवार को लखनऊ के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना स्वयं स्थिति से रूबरू होने के लिए कई इलाकों में अधिकारियों के साथ पहुंचे।  इस दौरान उन्हें लोगों की नाराजगी का सामना करना पड़ा।

गंदगी मिलने पर वेतन काटने के निर्देश
कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना ने प्रभारी मंत्री के रूप में प्रातः लखनऊ के चार वार्डों चंद्रभानु गुप्त, गुरु गोविन्द सिंह, बाबूकुंज बिहारी और गीता पल्ली का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सफाई व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया और लोगों से बातचीत की। कैबिनेट मंत्री ने जलभराव की ​समस्या पर नाराजगी भी जताई और लोगों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह को निर्देश दिए। सुरेश खन्ना ने गीता पल्ली वॉर्ड में सफाई इंतजाम ठीक नहीं मिलने पर कड़ी नाराजगी जताई और कहा कि संबंधित कर्मचारियों के तीन-तीन दिन का वेतन काट दिया जाए। इसमें जोनल सेनेटरी अफसर, सुपरवाइजर और सफाईकर्मी शामिल हैं। गीतापल्ली वॉर्ड में सीवर लाइन पड़ने के बाद सड़क का निर्माण होना है। इस पर मंत्री ने इस काम को जल्द पूरा करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि बारिश की वजह से शहर में कही भी अव्यवस्था नहीं हो। नालियों की सफाई का काम नि​यमित रूप से कराया जाए, जिससे नालियां चोक नहीं हों। 

घर के बाहर पानी में बैठ गया व्यक्ति, जताई नाराजगी
कैबिनेट मंत्री के निरीक्षण के दौरान गीतापल्ली में लोगों ने जलनिगम और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। उन्होंने अपनी सुनवाई नहीं होने की बात कही। ​इसके बाद जब मंत्री कार से जाने लगे तो स्थानीय निवासियों ने उनसे पैदल हालात का जायजा लेने को कहा। इस बीच एक व्यक्ति ने अपने घर के बाहर पानी में बैठकर जलभराव को लेकर नाराजगी भी जताई। मंत्री की गाड़ी सामने से गुजरने पर व्यक्ति कीचड़ वाले पानी में ही बैठ गया। इस पर मंत्री कार में बैठकर गुजरते वक्त उससे तसल्ली रखने को बोला और उनकी गाड़ी आगे बढ़ गई।

नालों का अतिक्रमण बना सबसे बड़ी समस्या
दरअसल शहर के कई हिस्सों में बारिश की शुरुआत के साथ जलभराव की स्थिति हो गई है। पानी निकासी का इंतजाम नहीं होने के कारण लोगों की मुश्किलें काफी बढ़ गई हैं। राजधानी में हैदर कैनाल, सरकटा नाला, पाटानाला, किला मोहम्मदी, गौस नगर नाला आदि प्रमुख नाले अवैध कब्जे का शिकार हैं। इनकी वजह से सफाई कार्य बाधित हो रहा है। वहीं फैजुल्लागंज, आशियाना, तकरोही, साकेत पल्ली, हरी नगर सहित कई इलाकों में थोड़ी देर की बरसात में ही घरों में पानी भर जा रहा है। इसकी वजह से लोगों का काफी नुकसान भी हो चुका है। नगर निगम को कई इलाकों में अलग से पंप लगाकर पानी निकालना पड़ रहा है। 

शुरुआती बारिश में ही तालाब बने कई इलाके
लखनऊ में आशियाना के सेक्टर एच, खजाना चौराहा, उतरठिया, बेहसा, स्मृति उपवन चौराहा, साकेत पल्ली, न्यू सरदारी खेड़ा, मिल्लत नगर, तकरोही, जानकीपुरम सेक्टर एफ और फैजुल्लागंज आदि इलाके हर साल जलभराव की समस्या को लेकर सुर्खियों में रहते हैं। इस बार भी इनका यही हाल है। बारिश से पहले नगर निगम की ओर से कई दावे किए गए। लेकिन, शुरुआती बारिश में ही ये इलाके तलाब में तब्दील हो रहे हैं। 

नगर विकास मंत्री के आदेश के बाद भी काम अधूरा
फैजुल्लागंज में 48 करोड़ की लागत से नाला निर्माण होना है। लेकिन, ये काम शुरू तक नहीं हो सका है। गीतापल्ली, ओम नगर और गुरुनानक नगर में सीवर लाइन के काम के कारण जल निकासी काफी प्रभावित हुई है। इसी तरह बालागंज के हरी नगर में पानी लोगों के घर की चौखट तक भर जा रहा है। नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने करीब एक महीने पहले यहां का काम पूरा करने को कहा था। लेकिन, धरातल पर स्थिति पूरी तरह अलग है। इसी तरह केकेसी छत्ता पुल, डालीगंज छत्ता पुल, मीराबाई मार्ग पर जीएसटी ऑफिस के सामने, बीएन वर्मा रोड पर पेट्रोल पम्प केसामने, अलीगंज सेक्टर के मेन रोड, कपूरथला चौराहा और बालागंज चौराहा के पास भी जलभराव की समस्या बरकरार है। 

नगर विकास मंत्री बोले- सहयोग करे जनता
इस बीच नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने शुक्रवार को कहा कि हमारे नगरों को स्वच्छ और सुन्दर बनाने के साथ ही बरसात के मौसम में जल-भराव की स्थिति को रोकने में हमारे सफाई मित्र और नगर निकाय के अधिकारी तत्परता के साथ लगे हुए हैं। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि बरसात के समय जल-भराव की स्थिति में नगरीय अधिकारियों व कर्मचारियों को सूचित कर सहयोग प्रदान करें।

Also Read