माइक्रोसॉफ्ट के सर्वर डाउन का अब तक नहीं निकला समाधान : हवाई सेवाओं पर सबसे बुरा असर, लखनऊ में 12 उड़ानें रद्द

फ़ाइल फोटो | लखनऊ में 12 उड़ानें रद्द

Jul 20, 2024 15:34

सर्वर क्रैश होने के कारण उत्तर प्रदेश में 25 से ज्यादा उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। हालांकि ये आंकड़ा केवल यूपी के 5 शहरों का है। वहीं कई फ्लाइट भी देरी से चल रही हैं।

Short Highlights
  • प्रदेश में 25 से अधिक उड़ानें रद्द
  • देरी से चल रही कई फ्लाइट
  • अब तक नहीं निकला समाधान
Lucknow News : माइक्रोसॉफ्ट का सर्वर डाउन होने से दुनियाभर में बैंकिंग और हवाई सेवाएं प्रभावित हुई हैं। दुनियाभर के स्टॉक एक्सचेंज पर भी इसका असर पड़ा है, जिससे निवेशकों के अरबों रुपये डूबे हैं। भारत में भी माइक्रोसॉफ्ट के सर्वर क्रैश होने का असर देखने को मिला। एयरपोर्ट पर यात्रियों को हाथ से लिखा हुआ बोर्डिंग पास दिया गया। हालांकि अब तक इसका समाधान नहीं खोजा जा सका है।

प्रदेश में 25 से अधिक उड़ानें रद्द
सर्वर क्रैश होने के कारण उत्तर प्रदेश में 25 से ज्यादा उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। हालांकि ये आंकड़ा केवल यूपी के 5 शहरों का है। वहीं कई फ्लाइट भी देरी से चल रही हैं। अकेले लखनऊ से उड़ान भरने वाली 20 फ्लाइट देरी से चल रही हैं। वहीं 12 उड़ानों को कैंसिल भी कर दिया गया है। वहीं वाराणसी में इंडिगो ने अपनी 6 उड़ानें रद्द कर दीं। अकासा और स्पाइसजेट की फ्लाइट्स देरी से चल रही थीं। कई एयरलाइन के चेक इन और चेक आउट सिस्टम डाउन हो गए, तो कहीं यात्री एयरपोर्ट पर पहुंचकर बिना यात्रा किए वापस लौट गए।
 
अयोध्या, आगरा, प्रयागराज का भी यही हाल
न सिर्फ लखनऊ और वाराणसी, बल्कि अयोध्या, आगरा और प्रयागराज में भी कमोबेश यही हाल रहा। अयोध्या से दिल्ली, अयोध्या से कोलकाता और अयोध्या से मुंबई की फ्लाइट लेट हैं।  आगरा में मुंबई  की फ्लाइट करीब 40 मिनट लेट हुई। प्रयागराज से लखनऊ और लखनऊ से प्रयागराज की फ्लाइट सर्वर डाउन होने के कारण कैंसिल करनी पड़ी। एयरपोर्ट पर सारे काम मैनुअली करने पड़े। इस कारण वहां काफी भीड़ जमा हो गई थी। यात्रियों ने पहली बार हाथ से लिखे बोर्डिंग पास से यात्रा की।

क्यों आई सर्वर डाउन की समस्या?
दरअसल दुनियाभर के विंडोज यूजर को अपने सिस्टम पर नीली स्क्रीन दिखाई देने लगी। कई जगह सिस्टम अपने आप शटडाउन या रिस्टार्ट होने लगे। बताया गया कि क्राउडस्ट्राइक कंपनी द्वारा एक सॉफ्टवेयर अपडेट देने के कारण ये समस्या आई। सबसे ताज्जुब की बात ये है कि इस समस्या को शुरू हुए 30 घंटे से अधिक समय हो गया है, लेकिन अब तक इसका कोई समाधान ही नहीं निकल पाया है। कंपनी का सिर्फ इतना ही कहना है कि वह इसका जल्द से जल्द समाधान निकालने की कोशिश कर रही है।

Also Read