सई नदी पर बनेगा पुल : अब लोगों को नाव से पार नहीं करनी पड़ेगी नदी, इतने गांवों को मिलेगी राहत

UPT | सई नदी से नाव के जरिये नदी पार करते ग्रामीण।

Mar 17, 2024 23:17

डीह ब्लॉक के हाजीपुर-माधवपुर मार्ग पर सई नदी पर पुल निर्माण के लिए पहली किस्त जारी हो गई है। जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने सलोन विधायक के साथ लड्डू बांटे और खुशियां मनाई।

Raebareli News : चुनावी मौसम आ गया है और इस मौसम में जनता को सौगातें मिलनी शुरू हो गई हैं। रायबरेली का एक ऐसा इलाका है जो बरसों से एक पुल की मांग कर रहा था। इस पुल की दर्जनों गांवों के ग्रामीणों को दरकार थी। यहां के लोग नाव से नदी पार किया करते थे, लेकिन अब उनके दिन फिरने वाले हैं। स्थानीय विधायक के मुताबिक अब यहां एक पुल का निर्माण होने जा रहा है। आचार संहिता लागू होने से पहले ही पुल के निर्माण के लिए शासन से स्वीकृति मिल गई थी। अब लोगों को नाव की मदद से नदी पार नहीं करनी पड़ेगी। 

डीह ब्लॉक के हाजीपुर-माधवपुर मार्ग पर सई नदी पर पुल निर्माण के लिए पहली किस्त जारी हो गई है। जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने सलोन विधायक के साथ लड्डू बांटे और खुशियां मनाई। डीह ब्लॉक में प्रतापगढ़ बॉर्डर पर हाजीपुर व सलोन ब्लॉक के माधवपुर गांव के बीच सई नदी है। आसपास के कई गांवों के ग्रामीणों का पुल न होने से नाव से नदी पार करनी पड़ती है।

सलोन विधायक अशोक कुमार ने इस मामले को विधानसभा में भी उठाया था। विधायक के अनुरोध पर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने इसका संज्ञान लेते हुए लखनऊ के अधिकारियों से बात की थी। जिस पर दशकों से लंबित सई नदी पर पुल निर्माण के लिए 18 करोड़ 15 लाख 09 हजार रुपये स्वीकृत हुआ था। अब पुल निर्माण की कार्यदायी संस्था सेतु निगम को शासन ने पहली किश्त 9 करोड़ 7 लाख 55 हजार रुपये की धनराशि जारी कर दी है। अब जल्द ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। विधायक अशोक कोरी ने केंद्र सरकार की इस मदद के लिए केंद्रीय मंत्री  सांसद स्मृति ईरानी का धन्यवाद दिया है।

Also Read