रायबरेली में सोनिया गांधी का भावुक बयान : कहा- 'मैं अपना बेटा आपको सौंप रही हूं, राहुल आपको निराश नहीं करेगा'

UPT | रायबरेली में सोनिया गांधी

May 17, 2024 18:13

रायबरेली में रैली को संबोधित करते हुए सोनिया गांधी ने कहा कि मेरा आंचल आपके प्रेम और आर्शीवाद से जीवनभर भरा रहा है। आपके प्रेम ने मुझे कभी भी अकेले नहीं पड़ने दिया।

Short Highlights
  • मैंने राहुल और प्रियंका को सिखाया है कि सबका आदर करो, कमजोर की रक्षा करो : सोनिया गांधी
  • इंदिरा जी के दिल में रायबरेली के लिए एक अलग जगह थी : पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष
Raibareli News : लोकसभा चुनाव में रायबरेली से राहुल गांधी चुनाव लड़ रहे हैं। आज शुक्रवार को पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी रायबरेली में राहुल के लिए प्रचार करने पहुंची। जहां उन्होंने बहुत ही भावुक बयान दिया है। सोनिया गांधी ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि मैं अपना बेटा आपको सौंप रही हूं, राहुल आपको निराश नहीं करेगा। जब सोनिया गांधी ये बोल रही थी तो उनके पीछे ही राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी खड़ी थीं। 

राहुल भी आपको निराश नहीं करेगा - सोनिया गांधी
रायबरेली में रैली को संबोधित करते हुए सोनिया गांधी ने कहा कि मेरा आंचल आपके प्रेम और आर्शीवाद से जीवनभर भरा रहा है। आपके प्रेम ने मुझे कभी भी अकेले नहीं पड़ने दिया। राहुल गांधी के बारे में बोलते हुए सोनिया गांधी ने कहा कि जैसे आपने मुझे अपना माना वैसे ही आपको राहुल को अपना मान कर रखना है। साथ ही उन्होंने कहा कि राहुल भी आपको निराश नहीं करेगा।
 
इंदिरा गांधी का भी किया जिक्र
पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के बारे में बोलते हुए सोनिया गांधी ने कहा कि इंदिरा जी के दिल में रायबरेली के लिए एक अलग जगह थी। मैंने उन्हें काम करते हुए करीब से देखा है। उनके मन में आपके लिए बहुत लगाव था। मैंने भी राहुल और प्रियंका को भी वही शिक्षा दी है जो इंदिरा जी ने और रायबरेली की जनता ने मुझे दी। मैंने राहुल और प्रियंका को यही सिखाया है कि सबका आदर करो, कमजोर की रक्षा करो।

दरअसल, इस चुनाव में राहुल गांधी रायबरेली से चुनाव लड़ रहे हैं। पिछले चुनाव में सोनिया गांधी को इस सीट से जीत हासिल हुई थी। लेकिन इस बार चुनाव से पहले सोनिया गांधी राज्यसभा की सदस्य बन गई हैं। वहीं पिछले चुनाव में राहुल गांधी को अमेठी से स्मृति ईरानी के सामने हार का सामना करना पड़ा था। इस चुनाव में राहुल गांधी अमेठी की जगह रायबरेली से चुनाव लड़ रहे हैं। उनके सामने भाजपा नेता दिनेश प्रताप सिंह मैदान में हैं।

Also Read