Raebareli News : मॉडर्न रेल कोच फैक्ट्री के 15 सरकारी आवासों में चोरी, सुरक्षा व्यवस्था की खुली पोल

UPT | मॉडर्न रेलकोच कारखाना का आवासीय परिसर

Aug 19, 2024 13:55

रायबरेली के लालगंज में स्थित मॉडर्न रेल कोच फैक्ट्री के आवासीय परिसर में 15 सरकारी क्वार्टर में एक साथ चोरी की वारदात हो गई। इस घटना ने रेल कोच की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है।

Raebareli News : रायबरेली के लालगंज स्थित मॉडर्न रेल कोच फैक्ट्री के आवासीय परिसर में 15 सरकारी क्वार्टरों में चोरी की घटना हुई है। पता चला है कि जिन लोगों के घरों में चोरी हुई है, वे छुट्टियों में अपने पैतृक घर गए हुए हैं। चोरी की इस घटना ने रेल कोच कॉम्प्लेक्स की कड़ी सुरक्षा की पोल खोल दी है।

इन मकानों में हुई चोरी
जानकारी के मुताबिक घटना देर रात की है। मॉडर्न रेल कोच फैक्ट्री के आवासीय परिसर में टाइप 2 क्वार्टर में आधा दर्जन से अधिक कमरों में एक साथ चोरों ने धावा बोला और ताला तोड़कर नकदी व अन्य सामान चुरा ले गए। चोरी की सूचना दिन में मिली तो कॉलोनी में हड़कम्प मच गया। पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। पुलिस ने जांच की तो पता लगा कि क्वार्टर नंबर 2060-डी, 2060 -ए, 2069-ए, 2025-ए, 2025-डी, 2026 -सी, 2068-सी, 2065-सी, 2065 डी में रहने वाले क्रमशः मुकेश कुमार, प्रभात, सुशील वर्मा, शीला, जितेंद्र कुमार, अनुराग सिंह, किशन रजक, प्रिंस सचान व राकेश कुमार के क्वार्टर में चोरियां हुई हैं। इसके अलावा भी कई क्वार्टर में चोरी हुई हैं। 

सुरक्षा गार्ड्स की नाकामी
इतनी बड़ी तादाद में एक साथ चोरी का होना रेल कोच की सुरक्षा गार्ड्स की नाकामी को साबित कर रही है। यहां रहने वाले भयभीत हैं कि सरकारी कॉलोनी में सुरक्षा गार्ड्स के होते हुए इतने सारे घरों में चोरी कैसे हो गई। 

छुट्टियों में अपने पैतृक घर गए थे कर्मचारी 
लालगंज क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को सुबह सूचना मिली कि रेलकोच आवासीय कॉलोनी में चोरी हुई है। अभी तक 15 क्वार्टर में चोरी की जानकारी मिली है। इनमें रहने वाले कर्मचारी छुट्टियों में अपने पैतृक घर गए हुए थे। अभी तक कितना नुकसान हुआ है, यह तो उन सभी के आने के बाद मालूम चलेगा। फोरेंसिक टीम व पुलिस मामले में तहकीकात कर रही है।

Also Read