रायबरेली में दिखे तीन सियार : नहा रहे बच्चे समेत जानवरों को काटा, एक को ग्रामीणों ने मार गिराया

UPT | ग्रामीणों की मार से मरा सियार

Sep 18, 2024 20:02

रायबरेली में एक पागल सियार का आतंक देखने को मिला है। पागल सियार ने एक बच्चे समेत दो लोगों को काटकर घायल कर दिया। इसके साथ ही एक गाय, भैंस और कुत्ते को भी सियार ने काटा...

Raebareli News : रायबरेली में एक पागल सियार का आतंक देखने को मिला है। पागल सियार ने एक बच्चे समेत दो लोगों को काटकर घायल कर दिया। इसके साथ ही एक गाय, भैंस और कुत्ते को भी सियार ने काटा। बताया जा रहा है कि है हमला करने वाले एक साथ तीन सियार थे। जिनमें से ग्रामीणों ने घेराबंदी करके एक सियार को गांव के किनारे बाग में मार गिराया है। सियार के हमले के बाद ग्रामीणों में काफी दहशत देखी जा रही है।

नहाते हुए बच्चे पर किया हमला
मामला लालगंज कोतवाली क्षेत्र के मीठापुर गांव का है। गांव के किनारे दुर्गेश का घर है। 10 साल के राज ने बताया कि वह अंदर नहा रहा था। घर का दरवाजा खुला था। बुधवार सुबह अचानक सियार पहुंचा और उसके ऊपर हमला बोल दिया। लोग जैसे उसे बचाने दौड़े सियार बाहर भाग निकला। बताया गया कि कुल तीन सियार थे। आगे रास्ते में जा रहे अमर बहादुर उम्र 22 वर्ष को भी सियार ने काट लिया।



गाय, भैंस और एक कुत्ते को काटा
इसके बाद एक गाय, भैंस और एक कुत्ते को भी सियार ने काट लिया। गांव के लोग लाठी डंडे लेकर दौड़े और तीनों सियार की घेराबंदी कर ली। एक सियार को पीट-पीट कर गांव के किनारे बाग में मार डाला। जबकि दो सियार जंगल की तरफ भाग निकले। घटना के बाद से गांव की महिलाओं बच्चों और लोगों में दहशत का माहौल है। वन विभाग को सूचना देने के बाद भी अभी तक वन विभाग की टीम नहीं पहुंची है जिसको लेकर ग्रामीणों में भी आक्रोश है।

Also Read