वंदे भारत में लड़की से बदसलूकी पर राजनीति तेज : अखिलेश का भाजपा पर निशाना, बोले- 'कल सड़क पर चलने नहीं देंगे'

UPT | सपा प्रमुख अखिलेश

Sep 01, 2024 16:04

मेरठ-लखनऊ वंदेभारत ट्रेन में एक युवती से भाजपाइयों ने बदसलूकी करते हुए हंगामा के बाद राजनीति तेज होती दिखाई दे रही है। वहीं सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इस मामले में भाजपा पर निशाना साधा है...

Lucknow News : मेरठ से लखनऊ के लिए रवाना हुई वंदे भारत ट्रेन के पहले दिन एक लड़की के साथ बदसलूकी का मामला सामने आया। 31 अगस्त को पीएम मोदी ने वर्चुअल रुप से हरी झंडी दिखाकर मेरठ-लखनऊ के बीच चलने वाली वंदे भारत ट्रेन को रवाना किया था। इसी दौरान मेरठ-लखनऊ वंदेभारत ट्रेन में एक युवती से भाजपाइयों ने बदसलूकी करते हुए हंगामा कर दिया। इस मुद्दे पर अब राजनीति तेज होती दिखाई दे रही है। वहीं सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इस मामले में भाजपा पर निशाना साधा है। हालांकि 3 घंटे बाद अखिलेश ने ट्वीट डिलीट कर दिया।

भाजपा पर अखिलेश का पलटवार
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने वंदे भारत में लड़की से बदसलूकी मामले में रविवार को सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा कि भाजपाई आज कह रहे हैं, ‘ट्रेन का डिब्बा उनका है’ गैर भाजपाई उसमें नहीं आ सकते… कल को ये भाजपाई यही दावा करते हुए, आम आदमी को सड़क पर चलने से रोकेंगे।

'भाजपा की राजनीति डिब्बेनुमा बंद सोच'
उन्होंने आगे लिखा कि दरअसल रेलगाड़ी की अवधारणा का भाजपा के विचार से गहरा विरोधाभास है क्योंकि रेलगाड़ी सबको जोड़कर आगे बढ़ने का सकारात्मक प्रगतिशील विचार है। जबकि भाजपा की राजनीति कुछ खास लोगों के लिए बनी डिब्बेनुमा बंद सोच के अंदर-बाहर किसी और को आने नहीं देना चाहती। ‘कुछ का साथ, कुछ का विकास’ ही उनके झूठे नारों का सच्चा सच है।

भाजपा सरकार से कहा माफी मांगने को
सपा प्रमुख ने कहा कि अब भाजपा की राजनीति और भाजपाई अराजकता से जनता त्रस्त हो चुकी है। आज भाजपा की गाड़ी अपने आख़िरी स्टेशन पर पहुंच चुकी है, इससे आगे की यात्रा उसके लिए संभव नहीं है। अच्छा हो कि अपनी यात्रा को ख़त्म करने से पहले भाजपा सरकार भी देश से हाथ जोड़कर माफ़ी मांगते हुए कहे : यात्रीगण कृपया ध्यान दें, हमारे राज में हुई असुविधा के लिए खेद है।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
शनिवार को उत्तर प्रदेश को एक और वंदे भारत ट्रेन का तोहफा मिला, जिसे पीएम नरेंद्र मोदी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। हालांकि, ट्रेन रवाना होने के थोड़ी ही देर बाद एक लड़की के साथ बदसलूकी की घटना सामने आई। लड़की का कहना है कि बदसलूकी करने वाला व्यक्ति खुद को बीजेपी कार्यकर्ता बताता था। इसी बीच, लड़की के साथ मौजूद एक युवक ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। घटना की सूचना मिलते ही वंदे भारत ट्रेन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
इस बात पर भड़का भाजपा कार्यकर्ता
जिस युवती के साथ बदसलूकी की गई है। वो अपना निजी यूटयूब चैनल चलाती है। बताया जाता है कि मेरठ से चलने के बाद वंदेभारत ट्रेन में युवती अपने केबिन से खाने का सामान लेने जा रही थी। इस दौरान उसको भाजपा कार्यकर्ता ने रोक लिया और कहा कि वो वहां से नहीं जा सकती ये भाजपा कार्यकर्ताओं का कोच है। युवती ने अपना परिचय दिया। इस पर भाजपा कार्यकर्ता भड़क उठा और युवती से अभद्रता करने लगा। पीड़ित युवती दिल्ली से आई थी और सोशल मीडिया पर इंफ्लुएंसर है। वह वंदेभारत के शुभारंभ की वीडियो बनाने भाई के साथ आई थी। घटना के बाद चलती ट्रेन में हंगामा हुआ।

Also Read