UP Assembly By-Election : निषाद पार्टी ने सभी दस सीटों पर घोषित किए प्रभारी, इन विधायकों को मिली जिम्मेदारी

UPT | यूपी विधानसभा उपचुनाव के लिए ​निषाद पार्टी ने सभी सीटों पर घोषित किए प्रभारी।

Aug 29, 2024 11:03

यूपी विधानसभा उपचुनाव को लेकर सभी दल तैयारियों में लगे हुए हैं। बुधवार को  भाजपा की सहयोगी निषाद पार्टी ने सभी दस सीटों के लिए अपने प्रभारी नियुक्त कर दिए हैं।

Lucknow News : यूपी विधानसभा उपचुनाव को लेकर सभी दल तैयारियों में लगे हुए हैं। बुधवार को भाजपा की सहयोगी निषाद पार्टी ने सभी 10 सीटों के लिए अपने प्रभारी नियुक्त कर दिए हैं। पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद ने इसका एलान किया है। निषाद पार्टी यूपी में एनडीए में शामिल है। संजय निषाद यूपी सरकार में मंत्री हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को उपचुनाव की तैयारी करने के निर्देश दिए हैं। अनुमान लगाया जा रहा है कि उपचुनाव की घोषणा सितंबर के अंतिम सप्ताह या नवंबर के प्रथम सप्ताह में हो सकती है। 

इन विधायकों को मिली जिम्मेदारी
उपचुनाव के लिए निषाद पार्टी ने ई. सरवन निषाद को मझवां, राजबाबू उपाध्याय को कटेहरी, पीयूष रंजन निषाद को फूलपुर, अनिल त्रिपाठी को मिल्कीपुर, विपुल दुबे को कुंदरकी, ऋषि त्रिपाठी को मीरापुर, असीम राय को गाजियाबाद, विवेकानंद पांडेय को खैर, रमेश सिंह को करहल और केतकी सिंह को सीसामऊ सीट का प्रभारी बनाया है।

2022 में जीती थीं 11 सीटें
निषाद पार्टी ने 2022 के विधानसभा चुनाव में पन्द्रह सीटों पर चुनाव लड़ा था। जिसमें से 11 पर जीत दर्ज की थी। 10 सीटों पर निषाद पार्टी ने और पांच सीटों पर भाजपा ने अपने सिंबल पर प्रत्याशी उतारे थे।
 
इस तरह रिक्त हुईं सीटें
उत्तर प्रदेश की फूलपुर, खैर, गाजियाबाद, मझवां, मीरापुर, मिल्कीपुर, करहल, कटेहरी और कुंदरकी के विधायक इस बार लोकसभा चुनाव जीतकर सांसद बन गए। यह नौ सीटें इस तरह रिक्त हुईं और दसवीं सीट सीसामऊ सपा विधायक इरफान सोलंकी की आपराधिक मुकदमे में सदस्यता रद्द होने के कारण खाली हुई है। इन सीटों पर उपचुनाव की अभी घोषणा नहीं हुई है, लेकिन इनके लिए तैयारी सत्तारूढ़ भाजपा और उसकी सहयोगी पार्टियों के साथ ही मुख्य विपक्षी सपा ने भी शुरू कर दी है। 

Also Read