गोसेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता ने पद संभाला : बोले- गोवंश को बनाएंगे पशुपालकों की समृद्धि का जरिया

UPT | श्याम बिहारी गुप्ता

Oct 03, 2024 18:07

अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता ने कहा कि गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने और गो-उत्पादों को व्यावसायिक रूप से लाभकारी बनाने के लिए नई योजनाओं पर काम किया जाएगा। प्राकृतिक खेती, बायोगैस ऊर्जा, और पंचगव्य उत्पादों के जरिए गोशालाओं को स्वावलंबी बनाने की योजना तैयार की जाएगी।

Lucknow News : उत्तर प्रदेश गोसेवा आयोग के नवमनोनीत अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता ने गुरुवार को इंदिरा भवन स्थित कार्यालय में पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर उपाध्यक्ष जसवंत सिंह उर्फ अतुल सिंह और सदस्य राजेश सिंह सेंगर ने भी अपने पदभार संभाला। पदभार ग्रहण के दौरान अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता ने प्रदेश में गोवंश संरक्षण और संवर्धन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि गोवंश को किसानों और पशुपालकों के लिए समृद्धि का स्रोत बनाया जाएगा।

नई योजनाओं पर किया जाएगा काम 
अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता ने कहा कि गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने और गो-उत्पादों को व्यावसायिक रूप से लाभकारी बनाने के लिए नई योजनाओं पर काम किया जाएगा। प्राकृतिक खेती, बायोगैस ऊर्जा, और पंचगव्य उत्पादों के जरिए गोशालाओं को स्वावलंबी बनाने की योजना तैयार की जाएगी। स्वयंसेवी संस्थाओं और गैर सरकारी संगठनों को भी इस मुहिम में शामिल किया जाएगा ताकि गोपालन और गोसंरक्षण को प्रोत्साहन मिल सके।



निराश्रित गोवंशों के संरक्षण और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर जोर
इस मौके पर उपाध्यक्ष जसवंत सिंह ने चारागाह विकास और राजेश सिंह सेंगर ने गाय और मानव स्वास्थ्य पर अपने विचार रखे। पूर्व अध्यक्ष श्याम नंदन सिंह ने नवमनोनीत सदस्यों को शुभकामनाएं दीं और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संरक्षण में आयोग के नए प्रयासों की सराहना की। इस मौके पर कहा गया कि मुख्यमंत्री द्वारा गठित इस आयोग का उद्देश्य प्रदेश में निराश्रित गोवंशों के संरक्षण और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना है। सरकार की योजना है कि प्रदेश भर में गोवंश आधारित कृषि मॉडल को स्थापित किया जाए और गौशालाओं में संरक्षित गोवंशों के भरण-पोषण के लिए एनजीओ और ट्रस्ट के साथ काम किया जाए।

Also Read