नीदरलैंड की बुजुर्ग महिला की लखनऊ में मौत : होटल में अचानक बिगड़ी हालत, जानें क्या है पूरा मामला

UPT | Ajanta Hospital Lucknow

Oct 03, 2024 19:29

आलमबाग पुलिस के अनुसार, 75 वर्षीय मार्गरेथा 20 सितंबर 2024 को अपने परिवार के साथ नीदरलैंड से भारत के दौरे पर आई थीं। वे पहले मुंबई और गोवा होते हुए 1 अक्टूबर को लखनऊ पहुंची थीं। लखनऊ के होटल गोल्डन ट्यूलिप में ठहरने के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई।

Lucknow News : राजधानी में बुधवार देर रात नीदरलैंड की बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। मार्गरेथा अपने परिवार के साथ हुसैनगंज के होटल गोल्डन ट्यूलिप में रुकी थीं। मार्गरेथा मूल रूप से नीदरलैंड के रोटेडेम साउथ हॉलैंड की निवासी थीं। उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें आलमबाग स्थित अजंता अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रबंधन की ओर से पुलिस को मामले की सूचना दी गई। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए किंग जॉर्ज मेडिकल कॉलेज भेज दिया। 

गोवा से लखनऊ आया था परिवार
आलमबाग पुलिस के अनुसार, 75 वर्षीय मार्गरेथा 20 सितंबर 2024 को अपने परिवार के साथ नीदरलैंड से भारत के दौरे पर आई थीं। वे पहले मुंबई और गोवा होते हुए 1 अक्टूबर को लखनऊ पहुंची थीं। लखनऊ के होटल गोल्डन ट्यूलिप में ठहरने के दौरान बुधवार सुबह अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने इसकी जानकारी होटल के स्टॉफ को दी। बाद में परिजन उन्हें प्राइवेट अस्पताल ले गए, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।



नीदरलैंड में अंतिम संस्कार करना चाहते हैं परिजन
बताया जा रहा है कि परिजन मार्गरेथा का अंतिम संस्कार उनके देश नीदरलैंड में करना चाहते हैं। इसकी जानकारी उन्होंने अधिकारियों को दे दी है। इसके बाद जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार की अनुमति के बाद शव को केजीएमयू में भेजा गया। अब एम्बेसी को नियमों के मुताबिक सूचित करने के बाद परिवार के सदस्य मार्गरेथा के शव को नीदरलैंड ले जाएंगे। परिजनों की ओर से किसी के खिलाफ कोई शिकायत नहीं की गई है। इसे अधिक उम्र की वजह से होने वाली समस्या के कारण मौत बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस मामले की जांच कर रही है, जिससे किसी प्रकार की शंका नहीं हो और कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा सके। 
 

Also Read