पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा यूपी : ट्रैवल-टूरिज्म एक्सपो में होगा प्रमोशन, बैंकॉक से होगी शुरुआत

UPT | मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

Aug 03, 2024 13:42

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने राज्य को एक वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था में तब्दील करने की दिशा में कई महत्वाकांक्षी योजनाओं की शुरुआत की है। इन योजनाओं में एक प्रमुख पहल पर्यटन...

Lucknow News : उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने राज्य को एक वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था में तब्दील करने की दिशा में कई महत्वाकांक्षी योजनाओं की शुरुआत की है। इन योजनाओं में एक प्रमुख पहल पर्यटन क्षेत्र को विशेष फोकस देना है। उत्तर प्रदेश ऐतिहासिक और सांस्कृतिक समृद्धि, वन्य अभ्यारण्यों और प्राकृतिक सौंदर्य के लिए जाना जाता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने अगस्त से नवंबर 2024 के बीच होने वाले प्रमुख अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन एक्सपो में राज्य की उपस्थिति सुनिश्चित करने की योजना बनाई है। इन एक्सपो में उत्तर प्रदेश की पर्यटन संभावनाओं को वैश्विक मंच पर पेश किया जाएगा। 
  • बैंकॉक - पैसिफिक एशिया ट्रैवल एसोसिएशन : 27 से 29 अगस्त के बीच बैंकॉक में आयोजित पीएटीए के ट्रैवल एक्सपो में उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग अपनी छवि प्रस्तुत करेगा। 
  • पेरिस - इंटरनेशनल व फ्रेंच ट्रैवल मार्केट : 17 से 19 सितंबर तक पेरिस में होने वाले इस एक्सपो में उत्तर प्रदेश का पर्यटन आकर्षण पेश किया जाएगा।
  • टोक्यो - टूरिज्म एक्सपो जापान : 26 से 29 सितंबर के बीच टोक्यो में आयोजित इस एक्सपो में उत्तर प्रदेश के पर्यटन स्थलों को प्रदर्शित किया जाएगा।
  • लंदन - वर्ल्ड ट्रैवल मार्केट : 5 से 7 नवंबर के बीच लंदन में आयोजित इस प्रमुख पर्यटन एक्सपो में उत्तर प्रदेश की भव्यता को दुनिया के सामने लाया जाएगा।

विशेष सुविधाओं से लैस स्टॉल्स और मीटिंग्स
इन चारों प्रमुख एक्सपो में उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग विशेष सुविधाओं से लैस स्टॉल्स स्थापित करेगा। प्रत्येक स्टॉल पर एक वीवीआईपी लाउंज, कॉमन सिटिंग एरिया, सेल्फी पॉइंट, एलईडी डिस्प्ले और बैनर जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। ये स्टॉल्स बिजनेस टू बिजनेस (B2B) और बिजनेस टू कंज्यूमर (B2C) मीटिंग्स के लिए तैयार किए जाएंगे। ताकि व्यापारिक और आम लोगों से सीधे संवाद हो सके। इन स्टॉल्स पर उत्तर प्रदेश के पर्यटन विभाग के अधिकारी और सर्विस प्रदाता एजेंसियों के लोग भी मौजूद रहेंगे। वे आगंतुकों को प्रदेश के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर, पर्यटन स्थलों और अन्य आकर्षणों के बारे में ऑडियो-वीजुअल माध्यम से जानकारी देंगे। 

यूपी सरकार पूरी तरह से तैयार
इन आयोजनों के लिए आवश्यक एजेंसी निर्धारण और कार्यावंटन की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग इन एक्सपो के माध्यम से राज्य की पर्यटन संभावनाओं को वैश्विक स्तर पर प्रमोट करने के लिए पूरी तरह से तैयार है। जिससे उत्तर प्रदेश को एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित किया जा सके।

Also Read